Saturday , 12 September 2026
Home ताज़ा ख़बर उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न
ताज़ा ख़बरदेहरादूनसरोकार

उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की 16 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। समिति का विधिवत गठन दिगम्बर सिंह नेगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महावीर सिंह बिष्ट (पूर्व शिक्षा निदेशक) द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। समारोह की अध्यक्षता धीरज सिंह नेगी (पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक) ने की।

इस अवसर पर समिति के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें दिगम्बर सिंह रावत, प्रदीप सिंह नेगी, प्रदीप चौधरी, मनवर सिंह नेगी सहित दर्जनों सदस्य शामिल थे। शपथ ग्रहण करने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह रावत, विक्रम सिंह पुंडीर, चंद्रपाल सिंह जमवाल, दिनेश सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह बिष्ट आदि प्रमुख रहे।

मुख्य अतिथि महावीर सिंह बिष्ट ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव पूर्व की सभी अनुकूल-प्रतिकूल टिप्पणियों, गिला-शिकायतों को भुलाकर समिति एवं समाज के व्यापक हित में एकजुट होकर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने समाज के बहुआयामी विकास हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि जी.एस. बिष्ट (पत्रकार) ने सामाजिक एकता को सशक्त करने और समाज हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

अपने धन्यवाद भाषण में दिगम्बर सिंह नेगी ने चुनाव प्रक्रिया में सहभागिता निभाने तथा समिति को सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और समाज के प्रति निरंतर समर्पित रहने का विश्वास दिलाया।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि समाज की प्रगति एकता से ही संभव है। सी.एस. जमवाल ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले वर्ग के उत्थान हेतु कार्य करने पर जोर दिया। तेजेंद्र सिंह रावत ने सामाजिक एकता पर बल देते हुए कहा कि ‘बटेंगे तो कटेंगे।’ वहीं किशन सिंह भंडारी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं सामाजिक विकृतियों को रोकने हेतु समाज की सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में धीरज सिंह नेगी ने समाज के सक्षम एवं शिक्षित वर्ग से अपील की कि वे आर्थिक रूप से कमजोर बालक-बालिकाओं की शिक्षा में सहयोग करें तथा विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए अधिक से अधिक परिचय सम्मेलन आयोजित कर समाज को सशक्त बनाएं।

अंत में उन्होंने नई कार्यकारिणी को बसंत पंचमी एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की तथा भारी वर्षा के बावजूद उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles