Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश लॉकडाउन 4 या राहत इस बार…रात 8 बजे फिर देश को संबोधित करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी
देश-विदेश

लॉकडाउन 4 या राहत इस बार…रात 8 बजे फिर देश को संबोधित करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी

कोरोना को फैलने से रोकने के लिए चल रहे लॉकडाउन के तीसरे चरण के समाप्त होने से 5 दिन पहले ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करने जा रहे हैं। रात 8 बजे वह देश को अपना संदेश देंगे। एक दिन पहले ही उन्होंने देशभर के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर पूरे देश के हालात की समीक्षा की थी। उन्होंने 15 मई तक सभी मुख्यमंत्रियों से लॉकडाउन के बारे रणनीति को लेकर सुझाव मांगे हैं।

ऐसे में पीएम आज क्या ऐलान करेंगे, इस पर देशभर के लोगों की नजरें टिक गई है। फिलहाल तीन तरह की संभावना जताई जा रही है। इसमें सबसे पहला यह है कि पीएम सीधे तौर पर लॉकडाउन के 4.0 चरण का ऐलान कर सकते हैं। दूसरी संभावना एग्जिट प्लान की है और तीसरी बात यह हो रही है कि लॉकडाउन की जिम्मेदारी राज्यों पर डाली जा सकती है और फिर हर राज्य अपने हिसाब से इसका पालन कराने के लिए स्वतंत्र होंगे।

 

ऐसे में जिन राज्यों में केस तेजी से आ रहे हैं, वहां लॉकडाउन सख्त होगा पर जिस राज्य में हालात सुधरते दिख रहे हैं वहां ढील दी जा सकती है। आपको बता दें कि पहली बार कोरोना पर चर्चा को लेकर पीएम ने 19 मार्च को देश को संबोधित किया था। उनके इस संबोधन में ही 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था। साथ ही पीएम ने लोगों से कोरोना वॉरियर्स के लिए शाम 5 बजे घर की छतों पर तालियां और थालियां बजाने का आग्रह किया था।

पढ़ें- ग्रीन जोन में गतिविधियों की अनुमति मांगी, पढ़िए सीएम रावत ने पीएम से क्या-क्या कहा

इसके बाद पीएम ने 24 मार्च को देश को संबोधित किया और उसी रात 12 बजे यानी 25 मार्च से लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी। फिर पीएम ने 3 अप्रैल को देश को संबोधित किया। इस बार उन्होंने 5 अप्रैल को देश की जनता से 9 मिनट मांगा था। उन्होंने इस दिन लोगों से 9 मिनट के लिए लाइट बुझाकर छत या बालकनी में दीये जलाने की अपील की थी। इसके बाद पीएम ने 14 अप्रैल को देश को संबोधित किया और लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने का ऐलान हुआ। ऐसे में आज पीएम के मन में क्या है और वह लॉकडाउन बढ़ाएंगे या खत्म करेंगे, इस पर सबकी नजरें हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles