Friday , 4 September 2026
Home देश-विदेश अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, पीएम मोदी पर रखा गया नाम
देश-विदेश

अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, पीएम मोदी पर रखा गया नाम

क्रिकेट प्रशंसकों और सभी देशवासियों के लिए गर्व करने का मौका आया है। दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम गुजरात के अहमदाबाद में बना है। आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोटेरा में इसका उद्घाटन किया। विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम के नाम से जाना जाएगा।

राष्ट्रपति ने मोटेरा में सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, खेल मंत्री किरेण रिजिजू भी उपस्थित थे। मोटेरा के इस नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में गुजराती में कहा कि गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा निर्मित, विश्व नां सौथी मोटा क्रिकेट स्टेडियम नुं उद्घाटन करी ने, मने खूब आनंद थयो छे। आ प्रसंगे हुं तमाम देशवासियों, अने खास करी ने, क्रिकेट चाहको ने, अभिनंदन पाठवुं छुं। मुझे बताया गया है कि यह स्टेडियम विश्व में सबसे बड़ा होने के साथ- साथ सुविधाओं की दृष्टि से भी सर्वश्रेष्ठ है। इस अत्याधुनिक और भव्य स्टेडियम की परिकल्पना व निर्माण-योजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तभी पूरी कर ली गई थी जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि हम सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है कि एक लाख बत्तीस हजार दर्शकों की क्षमता के साथ मोटेरा का यह स्टेडियम आज विश्व का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बन गया है। भारत ने जो वर्चस्व क्रिकेट में हासिल किया है वह इस विश्वास को मजबूत करता है कि अन्य खेलों में ही नहीं बल्कि विकास के क्षेत्रों में भी हमारा देश विश्व में ऊंचा स्थान प्राप्त करने की क्षमता से परिपूर्ण है। भारत को ‘पावर हाउस ऑफ क्रिकेट’ अथवा ‘हब ऑफ क्रिकेट’ कहा जाता है। इसीलिए, यह सर्वथा उपयुक्त है कि विश्व का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भी अब हमारे देश में ही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अन्य खेलों की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भी हमारे युवा बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। इसके लिए जरुरी है कि हम क्रिकेट की तरह अन्य खेलों के लिए भी खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराएं। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एनक्लेव’, अहमदाबाद शहर को स्पोर्ट्स इन्फ्रॉस्ट्रक्टर की दृष्टि से पूरे विश्व में एक नई पहचान दिलाएगा। केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में खेल की एक नई संस्कृति विकसित की जा रही है। ‘खेलो-इंडिया’ तथा ‘फिट-इंडिया’ जैसे अभियान देशवासियों में स्वास्थ्य तथा खेल-कूद के प्रति रुझान पैदा कर रहे हैं।

स्टेडियम में बैठने की क्षमता की बात करें तो यहां एक लाख 32 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। क्रिकेट मैदान के साथ यहां 236 एकड़ में फैले इस स्टेडियम में एथलेटिक्स ट्रैक एंड फील्ड, फुटबॉल स्टेडियम, हॉकी तथा टेनिस का मैदान आदि भी बनाए गए हैं। इसी ग्राउंड पर पिछले साल 24 फरवरी को नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत किया था।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव और मोटेरा में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के साथ ही नरनपुरा में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि ये तीनों इस तरह से तैयार किए जाएंगे किए यहां कोई भी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद को भारत की स्पोर्ट्स सिटी कहा जाता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles