हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
देहरादून में सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ गया है, जिससे जाम भी लगता रहता है। त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार ने जाम की इस समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए दून शहर में परिवहन प्रणाली के लिए खास योजना तैयार की है। करीब 2200 करोड़ की लागत से रोपवे सुविधा शुरू करने का प्लान है। इस दिशा में सरकार ने कदम भी बढ़ा दिए हैं। सोमवार को नगर विकास मंत्री मदन कौशिक की मौजूदगी में रोपवे प्रणाली विकसित करने के लिए उत्तराखंड मेट्रो परियोजना और दिल्ली मेट्रो कॉर्पोरेशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
डीपीआर तैयार करने के लिए एमओयू किया गया है, जिस पर दिल्ली मेट्रो के निदेशक (बिजनस डिवेलपमेंट) एसडी शर्मा और उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के निदेशक बीके मिश्रा ने हस्ताक्षर किए। बताया जा रहा है कि यह रोपवे प्रोजेक्ट 20 से 25 किमी के लिए होगा। इसकी डीपीआर करीब 5-6 महीने में तैयार हो जाएगी।
सामान्य परिवहन के लिए रोपवे प्रणाली अपनाने वाला देहरादून देश का पहला शहर बन सकता है। इससे सबसे बड़ा फायदा आम लोगों को होगा, जिनका ट्रैफिक जाम में घंटों समय बर्बाद होता है। रोपवे के लिए देहरादून शहर में दो रूट भी चयनित कर लिए गए हैं।


Leave a comment