Monday , 14 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ टिहरी में मां की हत्या कर बेटा फरार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश
उत्तराखंड न्यूज़क्राइमटिहरी

टिहरी में मां की हत्या कर बेटा फरार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश

टिहरी गढ़वाल के जाखणीधार ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोटी खास में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपनी 53 वर्षीय मां की सिर पर प्रहार कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी बेटा फरार है। पुलिस ने मृतका के भतीजे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

 

जानकारी के अनुसार, कोटी खास गांव निवासी डुग्गा देवी (53) उर्फ गुड्डी, पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह, अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह काफी देर तक जब वह घर से बाहर दिखाई नहीं दीं तो ग्रामीणों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा तो डुग्गा देवी एक कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उन्हें डुग्गा देवी के बेटे अजय सिंह सजवाण पर हत्या का शक है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मृतका के भतीजे कृष्ण सजवाण की तहरीर के आधार पर अजय सिंह सजवाण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इंदौर में करता था होटल में नौकरी

ग्राम प्रधान कोटी खास करन सिंह के मुताबिक, अजय सिंह सजवाण की उम्र करीब 32 वर्ष है। वह पहले विदेश में किसी होटल में नौकरी कर चुका है। करीब एक वर्ष पहले वह वापस लौटा था, जिसके बाद उसने इंदौर के एक होटल में नौकरी शुरू कर दी थी। हालांकि, लगभग एक महीने पहले उसने इंदौर की नौकरी छोड़ दी और गांव वापस आ गया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव लौटने के बाद उसका व्यवहार सामान्य नहीं बताया जा रहा था। वह कई-कई दिनों तक घर से गायब रहता था और जंगलों में भटकता रहता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अजय सिंह की पत्नी और दो बच्चे श्रीनगर में किराये के मकान में रहते हैं। वहीं उसका छोटा भाई दुबई में होटल में नौकरी करता है, जबकि उसकी बहन की शादी हो चुकी है। ऐसे में डुग्गा देवी गांव में अकेली रहती थीं।

पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और परिजनों व ग्रामीणों के बयान के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

छह वर्षों में 30,286 लाभार्थियों तक पहुंचा उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ

पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को किसानों की आजीविका का बेहतर माध्यम बनाने...

ओपीयू-आईवीएफ तकनीक से साहीवाल गाय ने दिया बद्री बछिया को जन्म

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर और राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान...