Tuesday , 15 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ थराली आपदा: संकट की घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावितों के साथ खड़ी – सीएम धामी
उत्तराखंड न्यूज़चमोलीताज़ा ख़बरसरोकार

थराली आपदा: संकट की घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावितों के साथ खड़ी – सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के आपदा प्रभावित थराली क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया और चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।’ उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और 24 घंटे राहत अभियान चलते रहें।

मुख्यमंत्री धामी ने कुलसारी में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया और वहां रह रहे लोगों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावितों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने आपदा में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों और मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की तत्काल सहायता राशि के चेक प्रदान किए। साथ ही, बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान प्रभावित लोगों ने मुख्यमंत्री से अपनी पीड़ा साझा की, जिस पर उन्होंने हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

डीएम ने राहत कार्यों की दी जानकारी

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्हें भोजन, आवास और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक कुलसारी में 12, प्राथमिक विद्यालय चेपड़ो में 36 और थराली अपर बाजार के प्राथमिक विद्यालय में 20 लोगों को ठहराया गया है।

राहत शिविरों में चिकित्सा सुविधाएं भी सक्रिय रूप से दी जा रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों को आंशिक रूप से सुचारु कर दिया गया है और शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।

इसके साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मलवा साफ करने का काम जारी है और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का आंकलन भी किया जा रहा है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles