कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर से इस प्रतियोगिता की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते की तरह जोड़कर प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रतियोगिता 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई है। साइकिलिस्ट प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। इसमें 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए कुल 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14 विभिन्न कारणों से प्रतिभाग नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म और माउंटेन साइक्लिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रहें।
पर्यटन सचिव ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों। स्थानीय युवाओं को गाइड, होमस्टे, परिवहन और खानपान जैसी पर्यटन सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इससे होटल, रिसॉर्ट और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, खानपान, परंपराओं और प्राकृतिक संपदा से परिचित कराया जाएगा। कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों को भी पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का प्रयास होगा।
अल्टीमेट MTB चैलेंज के साथ अल्ट्रा मैराथन और एंगलिंग मीट जैसे आयोजन भी इसी सोच का हिस्सा हैं। सरकार का लक्ष्य पर्यटन, खेल, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़कर उत्तराखंड की वैश्विक पहचान मजबूत करना है।





Leave a comment