Home ताज़ा ख़बर 21 से 25 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटनेशनल ट्रेड शो
ताज़ा ख़बरदेश-विदेशसरोकार

21 से 25 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी इंटनेशनल ट्रेड शो

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार के सफल प्रयासों से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार 21 से 25 सितंबर, 2023 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इण्डिया एक्सपो सेण्टर एंड मार्ट के विशाल परिसर में अपने प्रथम यूपी इंटनेशनल ट्रेड शो का भव्य आयोजन करने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों से 21 सितम्बर, 2023 को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का शुभारम्भ होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह इंटरनेशनल ट्रेड शो, उत्तर प्रदेश के बड़े उद्योगों, आईटी/आईटीईएस, एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन व संस्कृति, ऊर्जा जैसे सेक्टरों के उद्यमियों, विनिर्माताओं और निर्यातकों के लिए वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस इण्टरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश के अद्भुत ’क्राफ्ट, कुज़ीन और कल्चर’ से साक्षात्कार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अनेक देशों से लोग इस आयोजन के प्रति उत्साहित हैं और प्रतिभाग करने आ रहे हैं। ट्रेड शो में अब तक 66 से अधिक देशों के लगभग 400 खरीदारों के पंजीयन हो चुके हैं।
ट्रेड शो के सफल आयोजन में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, उद्योग प्रोत्साहन एवं आन्तरिक व्यापार विभाग और एमएसएमई मंत्रालय की ओर से अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि विदेश में तैनात भारतीय राजदूतों/उच्चायुक्तों से लगातार संवाद बनाते हुए और अधिक विदेशी खरीदारों, उद्यमियों, कम्पनियों को इस ट्रेड शो में आमंत्रित किया जाए। यह मल्टीसेक्टोरल ट्रेड शो हमारे स्थानीय उद्यमियों, उत्पादों और शिल्प को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगा। ट्रेड शो में छोटे उद्यमियों, नए निर्यातकों और महिला उद्यमियों के लिए रियायती दर पर स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं।

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पहले इंटरनेशनल ट्रेड शो को भव्य बनाने पर बल देते हुए कहा कि 5 दिवसीय इस महत्वपूर्ण ट्रेड शो के दौरान हर दिन एक विशेष थीम पर नॉलेज सेशन आयोजित किया जाए। इरडा के सहयोग से बीमा सेक्टर पर सत्र आयोजित किया जाए।

ओडीओपी उत्पादों की पैकेजिंग, मार्केटिंग व निर्यात प्रोत्साहन, इन्वेस्ट यूपी की सफलता व इलेक्ट्रॉनिक्स सॉफ्टवेयर के सम्बन्ध में भी सत्र आयोजित किये जायें। उत्तर प्रदेश के 54 जीआई उत्पादों पर आधारित फैशन शो भी आयोजित किया जाए।
सभी 5 दिन उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति को प्रदर्शित करती हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कराई जाएं। साथ ही, सभी के लिए उत्तर प्रदेश के जायकेदार व्यंजनों से परिचय कराते विशेष स्टॉल लगाए जाएं।

मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि नॉलेज सत्र के दौरान मुम्बई के प्रसिद्ध डिब्बावाला के प्रबन्धन पर डॉ पवन अग्रवाल का खास सेशन होगा। आध्यात्मिक गुरु व ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु का प्रेरक उद्बोधन भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के प्रबन्धन के विद्यार्थियों को कार्यक्रम के आयोजन में सहभागी बनाया जाए। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 की तर्ज पर एक बार फिर बेहतर अन्तर्विभागीय समन्वय के साथ हमें कार्य करना होगा।

उन्होंने बैठक में पुलिस कमिश्नर व जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ से गणमान्यजन, अतिथियों, उद्यमियों, शिल्पकारों की सुरक्षा व अन्य सुविधाओं के दृष्टिगत समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर में 22 से 24 सितम्बर, 2023 तक मोटो जीपी रेस का विश्वस्तरीय आयोजन भी प्रस्तावित है। ऐसे में यातायात प्रबन्धन के सम्बन्ध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर की तैनाती तत्काल करायी जाए। आगन्तुकों की सुगमता के लिए उचित स्थानों पर विविध भाषाओं में साइनेज भी लगाए जाएं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, दुष्यंत गौतम को मिली सिक्किम की जिम्मेदारी

उत्तराखंड समेत देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल...

सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव: सीएम धामी ने दिया ‘मेरा गांव-मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड...

उत्तराखंड बीजेपी से राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य कल करेंगे नामांकन, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत

उत्तराखंड से राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी...

बिलखेत में 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

नयारघाटी के बिलखेत में एयरो स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने...