Monday , 7 September 2026
Home देश-विदेश यूपी का मैनपुरी सैनिक स्कूल सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से जाना जाएगा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा
देश-विदेश

यूपी का मैनपुरी सैनिक स्कूल सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम से जाना जाएगा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा

देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के सैनिक स्कूल को अब जनरल बिपिन रावत सैनिक स्कूल के नाम से जाना जाएगा। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि स्वरूप उत्तर प्रदेश सरकार ने मैनपुरी स्थित सैनिक स्कूल को नया नाम देने का फैसला किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इसकी घोषणा की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मां भारती के अमर सपूत, देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनपद मैनपुरी स्थित सैनिक स्कूल का नाम जनरल बिपिन रावत सैनिक स्कूल किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि अमर शहीद जनरल बिपिन रावत को समर्पित यह स्कूल युवाओं को सतत प्रेरणा प्रदान करने वाला होगा।

सीडीएस जनरल रावत का 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए एक हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हो गया था। इस हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका, उनके रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर एल एस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह और ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह शामिल थे। यह हादसा उस वक्त हुआ था जब आठ दिसंबर को सुलूर एयरबेस से वेलिंगटन के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहा था।

यह भी देखें – 

 

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में नए सैनिक स्कूल की शुरुआत 01 अप्रैल 2019 को की गई थी। 30 अप्रैल 2015 को रक्षा मंत्रालय और यूपी सरकार के बीच हुए करार के बाद इस स्कूल की नींव रखी गई थी। इस स्कूल का पहला बैच 22 जुलाई 2019 को शुरू हुआ था। अन्य सैनिक स्कूलों की तरह मैनपुरी सैनिक स्कूल रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसायटी के अंतर्गत आता है।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles