उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए फिलहाल डिजिटल प्रचार तेजी से चल रहा है लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा पहली फरवरी से 12 फरवरी के बीच ताबड़तोड़ रैलियां करने की तैयारी कर रही है। चुनाव आयोग ने फिजिकल रैलियों पर 31 जनवरी तक रोक लगाई है, कोरोना के ओमिक्रॉन वैरियंट का पीक टाइम इस सप्ताह निकलने के बाद माना जा रहा है कि पहली फरवरी से रैलियों की इजाजत दे दी जाएगी। इसके लिए भाजपा ने पूरी रणनीति बना ली है।
सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में तीन रैलियां करेंगे। उनकी एक रैली अल्मोड़ा, दूसरी श्रीनगर और तीसरी हरिद्वार में होगी। पहले पीएम मोदी की छह रैलियां प्रस्तावित थीं लेकिन कोविड के खतरे और रैलियों पर चुनाव आयोग की रोक के बाद इसे पहले चार और अब तीन कर दिया गया है। चुनाव से पहले पीएम मोदी देहरादून और हल्द्वानी में दो बड़े कार्यक्रमों के जरिये जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें – उत्तराखंड विधानसभा चुनावः कांग्रेस ने जारी की 53 प्रत्याशियों की सूची, हरक सिंह रावत और रणजीत रावत का इंतजार बढ़ाया
भाजपा की ओर से यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी स्टार प्रचारक के तौर पर उत्तराखंड चुनाव में एक दिन देंगे। यूपी में व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए वह देवभूमि में ‘वनडे की ताबड़तोड़’ पारी खेलेंगे। पार्टी एक ही दिन में उनकी चार रैलियां कराने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ लखनऊ से सीधे पिथौरागढ़ पहुंचेंगे। यहां की रैली के बाद पौड़ी जिले में उनकी शेष रैलियां होंगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व सेनाप्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह (रिटा.) भी कई रैलियां करेंगे। भाजपा इस बार असम के मुख्यमंत्री हेमंता विश्वसरमा को चुनावी अभियान में उतारने जा रही है। उनकी भी पांच से यह सभाएं कराने की तैयारी है। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री भी भाजपा के अभियान को मजबूती देने के लिए मैदान में उतरेंगे।
यह भी पढ़ें – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने पुराने मिथक तोड़ने की चुनौती
पांच साल की सत्ता विरोधी लहर की काट के लिए भाजपा भाजपा ‘किया है, करते हैं और करते रहेंगे’ के स्लोगन के साथ चुनाव में जा रही है। भाजपा के चुनावी अभियान के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को युवाओं की पसंद के तौर पर पेश किया जाएगा। पार्टी की ओर से अभी तक 59 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। कभी भी पार्टी 11 अन्य सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर सकती है।


Leave a comment