Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून तल्ला बनास स्थित गोमुख डेयरी पहुंचे पौड़ी के सांसद तीरथ सिंह रावत बोले, पलायन को मात देने की प्रेरणा देते हैं ऐसे मॉडल
देहरादूनउत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल

तल्ला बनास स्थित गोमुख डेयरी पहुंचे पौड़ी के सांसद तीरथ सिंह रावत बोले, पलायन को मात देने की प्रेरणा देते हैं ऐसे मॉडल

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए जारी प्रचार के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत मंगलवार को यमकेश्वर ब्लॉक के तल्ला बनास स्थित गोमुख डेयरी एवं गौशाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिक तकनीक से चलाई जा रही डेयरी का अवलोकन किया और यहां किए जा रहे कामकाज का जायजा लिया। वह इस आधुनिक गौशाला से बहुत प्रभावित नजर आए। पौड़ी के सांसद विधानसभा चुनाव के प्रचार के सिलसिले में यमकेश्वर क्षेत्र में थे।

इस दौरान तीरथ सिंह रावत ने कहा कि यमकेश्वर क्षेत्र में अत्याधुनिक गोमुख डेयरी एक अभिनव प्रयास है। यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए वैज्ञानिक तकनीकों से रूबरू होने का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी। इस तरह के मॉडल ही उत्तराखंड से होने वाले पलायन को मात देने की प्रेरणा देते हैं।

हिल-मेल फाउंडेशन की संस्थापक चेतना नेगी ने तीरथ सिंह को गोमुख डेयरी में होने वाले क्रियाकलापों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां पर बद्री, गिर, साहीवाल नस्ल की गाय हैं। यहां वैज्ञानिक उपकरणों की मदद से ए2 कैटेगिरी का देसी घी तैयार किया जा रहा है। साथ ही ए2 दूध की डिमांड भी पिछले दिनों तेज हुई है।

यह डेयरी राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) की तकनीकी सहायता से विकसित की गई है। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र के किसानों को खेती के साथ-साथ पशुधन के जरिये डेयरी की उन्नत तकनीकों की जानकारी देना और उन्हें आजीविका बढ़ाने में मदद देना है।

तीरथ सिंह रावत ने डेयरी के साथ ही बने लौहसिद्ध वनवासी हनुमान मंदिर के भी दर्शन किए। इस दौरान ऋषिकेश भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, स्वर्गाश्रम भाजपा से वरिष्ठ कार्यकर्ता गोपाल अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles