Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देश में पहली बारः भूकंप आते ही मोबाइल पर मिलेगा अलर्ट, सीएम धामी ने ऐप किया लांच
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

देश में पहली बारः भूकंप आते ही मोबाइल पर मिलेगा अलर्ट, सीएम धामी ने ऐप किया लांच

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील राज्य उत्तराखंड में अब ऐसा होने पर लोगों को मोबाइल पर अलर्ट मिल जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड भूकंप अलर्ट एप विकसित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐप को लांच किया है। खास बात यह है कि ऐसा ऐप बनाने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है।

 इस ऐप को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग और आईआईटी रुड़की द्वारा विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से भूकंप से पूर्व चेतावनी मिल जाएगी। उत्तराखंड यह ऐप बनाने  वाला पहला राज्य है। इससे जन सुरक्षा में मदद मिलेगी। इस ऐप के माध्यम से भूकंप के दौरान लोगों की लोकेशन भी प्राप्त की जा सकती है। भूकंप अलर्ट के माध्यम से भूकंप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं में फंसे होने पर सूचना दी जा सकती है। उत्तराखंड भूकंप अलर्ट ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।

सीएम धामी ने इस दौरान कहा कि उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इस ऐप के माध्यम से लोगों को भूकंप पूर्व चेतावनी मिल सके, इसके लिए इस ऐप की लोगों को जानकारी दी जाए। विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर इसका प्रचार-प्रसार किया जाए। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इसकी लघु फिल्म बनाकर जन-जन तक पहुंचाया जाए। स्कूलों में भी बच्चों को लघु फिल्म के माध्यम से इस ऐप के बारे में जानकारी दी जाए।

सीएम ने कहा कि जिन लोगों के पास एंड्राइड फोन नहीं है, उनको भी भूकंप से पूर्व चेतावनी मैसेज पहुंच जाए, इस एप के माध्यम से यह सुविधा भी प्रदान की जाए। भूकंप पूर्व चेतावनी में सायरन एवं वायस दोनों माध्यमों से अलर्ट की व्यवस्था की जाए। भूकंप  पूर्व चेतावनी के लिए सायरन टोन अलग से हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूकंप पूर्व चेतावनी के लिए यह एक अच्छी पहल है।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डा. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव डा. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एसए मुरूगेशन, आईआईटी रुड़की के प्रो. कमल एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles