Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून त्रिवेंद्र, योगी, मनोहर, अब तीरथ…. अपने फैसलों से चौंकाती रही है बीजेपी, पढ़िए उत्तराखंड के अगले सीएम की पहली प्रतिक्रिया
देहरादूनउत्तराखंड न्यूज़

त्रिवेंद्र, योगी, मनोहर, अब तीरथ…. अपने फैसलों से चौंकाती रही है बीजेपी, पढ़िए उत्तराखंड के अगले सीएम की पहली प्रतिक्रिया

उत्तराखंड के अगले सीएम के तौर पर तीरथ सिंह रावत की घोषणा के बाद उन्होंने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे यह पदभार दिया। मैं गांव से आया हुआ एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। जनता के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। आगे पढ़िए बीजेपी के चौंकाने वाले फैसलों का इतिहास....

पिछले तीन-चार दिनों से उत्तराखंड की सियासत में नए मुख्यमंत्री की चर्चा हो रही थी। त्रिवेंद्र सिंह रावत के मंगलवार शाम को इस्तीफा देने के साथ ही नाम भी गिनाए जाने लगे। कोई अजय भट्ट की बात कर रहा था तो कोई केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की। राज्य सरकार में मंत्री धन सिंह रावत भी रेस में बताए जा रहे थे। रात बीती, बुधवार की सुबह से मीडिया के कैमरे बीजेपी कार्यालय की हर एक सीन का विश्लेषण कर रहे थे। सुबह 10 बजे के करीब जब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आना शुरू हुआ तो चर्चाएं भी उस ओर मुड़ने लगीं। केंद्रीय मंत्री निशंक आएं तो अटकलें तेज हो गईं। इसी दौरान एक चेहरा दिखा जिस पर किसी का ज्यादा फोकस नहीं था।

कुछ देर बाद ब्रेकिंग न्यूज आ गई। जी हां, यह सच में ब्रेकिंग न्यूज थी क्योंकि बीजेपी के भीतर भी कुछ घंटे पहले तक शायद ही किसी ने सोचा होगा कि रेस वाले नामों से अलग पार्टी आलाकमान ने कोई और नाम ढूंढ रखा है। और वह नाम था गढ़वाल से बीजेपी के सांसद तीरथ सिंह रावत का। कुछ देर पहले जब कैमरे उनकी तरफ कम फोकस कर रहे थे, अब धड़ाधड़ फ्लैश जलने लगे। बधाइयों का दौर शुरू हो गया।

इस्तीफे के बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हर मुद्दे पर रखी बात, बोले- कोई भूमिका नहीं मांगी, जो जिम्मेदारी दी उसे निभाया

बीजेपी के इस फैसले ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लीक से हटकर सोचता है। याद करिए जब 2017 में उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम का ऐलान हुआ था। यूपी में तो किसी और नेता के मंदिर जाकर दर्शन करने की तस्वीरें भी आ गई थीं और सीएम बने योगी आदित्यनाथ।

हरियाणा में किसी ने सोचा नहीं था लाइमलाइट से दूर रहने वाले मनोहर लाल खट्टर को प्रदेश की कमान सौंपी जाएगी। दरअसल, यह बीजेपी का अपना तरीका है, वह अपने मानकों पर कैंडिडेट को कसती है और फिर चर्चाओं से हटकर फैसले लेते हैं। हां, संघ से जुड़ाव और पार्टी के प्रति समर्पण भाव मायने जरूर रखता है। एक और चीज है जो दिखती है और वह है नेता का जमीन से जुड़कर काम करने का तरीका।

तीरथ सिंह की पहली प्रतिक्रिया

तीरथ सिंह रावत के विधायक दल की बैठक में पार्टी का नेता चुने जाने की घोषणा खुद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की। बाद में तीरथ सिंह रावत ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को अपना बड़ा भाई बताया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी मिली है, वो निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बतौर सीएम जो काम किए हैं, उसे मैं आगे बढ़ाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि जो काम उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह ने किया, वह पहले किसी ने नहीं किया है। प्रदेश की बेहतरी के लिए मैं लगातार काम करूंगा। तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मैं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे ये पदभार दिया। मैं गांव से आया हुआ एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी।

उत्तराखंड में भाजपा ने फिर चौंकाया, तीरथ सिंह रावत होंगे नए मुख्यमंत्री

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल, जुबिन नौटियाल के पिता हैं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। देहरादून...

उत्तराखंड में अगले चार महीने में 2000 पदों पर भर्ती की तैयारी, UKSSSC का परीक्षा कैलेंडर जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण...