दोनों मुख्यमंत्री केदारनाथ में रात को विश्राम करेंगे और 16 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश चंद्र गौड़ ने बताया कि 15 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर तीन बजे जौलीग्रांट हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ केदारनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
केदारनाथ पहुंचने पर दोनों मुख्यमंत्री बाबा केदार के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा कार्य कर रहे संस्थाओं से चल रही परियोजनाओं के बारे में जानकारी भी हासिल करेंगे। इसके बाद अगले दिन सुबह बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।
इस साल की यात्रा के दौरान यह पहला मौका है जब देश के किसी अन्य राज्य के मुख्यमंत्री बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
कोरोना महामारी के कारण इस साल की चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या में काफी कमी दिखी। इस साल की चारधाम यात्रा भी काफी देर बाद शुरू की गई और सुरक्षा की दृष्टि से यहां आने वाले यात्रियों का पहले तो कोरोना टेस्ट कराने के बाद ही अनुमति दी गई थी।
शीतकाल के लिए धामों के कपाट बंद होने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। केदारनाथ के कपाट 16 नवंबर, बदरीनाथ के कपाट 19 नवंबर, गंगोत्री के कपाट 15 नवंबर, और यमुनोत्री के कपाट 16 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे।



Leave a comment