Friday , 4 September 2026
Home हमारी फ़ौज रंग लाया रैबारः श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की कमान संभालेगी सेना
हमारी फ़ौज

रंग लाया रैबारः श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की कमान संभालेगी सेना

– सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने सीएम के साथ मेडिकल कॉलेज के दौरे के बाद इसके संचालन का जिम्मा लेने पर हामी भर दी

हिल-मेल ब्यूरो, देहरादून

पहाड़ों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सत्ता में आने के साथ ही त्रिवेंद्र सरकार श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का संचालन सेना के हाथ सौंपने की कोशिश कर रही थी। इस पर पिछले साल उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून में हिल-मेल की पहल पर हुए रैबार कार्यक्रम में खुलकर चर्चा हुई। अब यह पहल अमली जामा पहनने जा रही है। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और राज्य सरकार के साथ मिलकर इसके संचालन का जिम्मा लेने पर हामी भर दी है। देहरादून दौरे पर आईं रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी इस पर अपनी सहमति जता दी है।

25 मार्च को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने श्रीनगर में थल सेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के साथ श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद समीक्षा बैठक बुलाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ों की संवेदनशील और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराए जाने को लेकर राज्य सरकार ने भारतीय सेना से सहयोग मांगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख बिपिन रावत समेत अन्य उच्चाधिकारियों के साथ इस संबंध में चर्चा की गई। जिसमें सेना ने श्रीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाएं देने पर अपनी सहमति जताई है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत के अथक प्रयासों के बाद श्रीनगर के बेस अस्पताल और मेडिकल कालेज के सेना प्रमुख के निरीक्षण के बाद सेना द्वारा संचालित करने पर सहमति बनी है। कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जल्द ही श्रीनगर के मेडिकल और बेस चिकित्सालय में सेना अपनी सेवाएं देनी शुरू कर देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा बेस चिकित्सालय श्रीनगर श्रीकोट को चिकित्सीय सुविधाओं से लैस करने को लेकर भारत की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अपनी सहमति दे दी है। इससे पहाड़ों में लोगों को अच्छी और सुविधा जनक चिकित्सा सेवाएं मुहैया हो सकेंगी।

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और आम लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के प्रयास भारतीय सेना द्वारा किए जाएंगे। उन्होंने बेस अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। वहां पर तैनात चिकित्सों, फार्मासिस्टों और चिकित्साकर्मियों से चिकित्सा सुविधा की जानकारी प्राप्त की। सेना प्रमुख ने इमरजेंसी, ओपीडी, सर्जिकल वार्ड, ओटी, एमएलटी लैब समेत कई अन्य स्थानों का निरीक्षण तथा चिकित्सा प्रबंधन से जुड़े डाक्टरों से विचार विमर्श किया। इसके बाद जनरल बिपिन रावत बेस अस्पताल से मेडिकल कालेज पहुंचे।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles