लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को लोक कला व साहित्य क्षेत्र में योगदान के लिए 3 जून को ऋषिकेश में इंडियन एसोसिएशन आफ प्रोफेशनल राफ्टिंग आउटफीडरर्स (आइप्रो) ने सम्मानित किया। मुनिकीरेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के गंगा रिसार्ट में आइप्रो द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि स्थानीय युवाओं ने अपनी मेहनत से इस व्यवसाय को शिखर पर पहुंचाया है। सरकार को चाहिए कि इस व्यवसाय से जुड़े युवाओं को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि जल, जंगल व जमीन पर पहला अधिकार स्थानीय लोगों का है और यदि राजनीतिक या अन्य लाभ के लिए इसे बाहरी लोगों के हाथों में सौंपा जाता है तो इसके खिलाफ आवाज उठाई जानी भी जरूरी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह भंडारी, संस्था की अध्यक्ष किरन बी. टोडरिया, सचिव मंजुल रावत ने लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी ने जहां उत्तराखंड की कला और संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दी है, वहीं उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी उनका अहम योगदान रहा है। इस मौके पर छह दिन पूर्व गंगा में डूब रहे विदेशी नागरिक को बचाने वाले राफ्टिंग गाइड मुकेश जोशी को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा आइप्रो द्वारा चलाए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इससे पूर्व नरेंद्र सिंह नेगी ने पत्नी ऊषा नेगी के साथ गंगा में रिवर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment