इस गौरवपूर्ण समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करना रुद्रपुर के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता, स्वच्छता व्यवस्था और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को भी परखा जाता है। रुद्रपुर को मिली पहली रैंक शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
नगर निगम की ओर से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का प्रसंस्करण और निस्तारण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और सामुदायिक क्षेत्रों की सफाई, जनजागरूकता अभियान तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा और कल्याण को भी महत्व दिया गया।![]()
पुरस्कार मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे रुद्रपुर शहर और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। सफाई मित्रों के परिश्रम और नागरिकों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
महापौर ने बताया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर 467वीं रैंक से सुधार करते हुए 169वीं रैंक हासिल की थी। इस बार नगर निगम ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। भविष्य में प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के प्रयास तेज किए जाएंगे। लक्ष्य केवल पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि रुद्रपुर को स्थायी रूप से स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है।




Leave a comment