Saturday , 5 September 2026
Home देश-विदेश मोदी सरकार के 7 साल पूरे, मन की बात में बोले प्रधानमंत्री- हम सही रास्ते पर हैं
देश-विदेश

मोदी सरकार के 7 साल पूरे, मन की बात में बोले प्रधानमंत्री- हम सही रास्ते पर हैं

मोदी सरकार को आज सत्ता में आए 7 साल पूरे हो गए हैं। ऐसे में आज पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में अपनी सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन 7 वर्षों में जो कुछ भी उपलब्धि रही है, वो देश की रही है, देशवासियों की रही है। कितने ही राष्ट्रीय गौरव के क्षण हमने इन वर्षों में साथ मिलकर अनुभव किए हैं। जब हम ये देखते हैं कि अब भारत दूसरे देशों की सोच और उनके दबाव में नहीं, अपने संकल्प से चलता है तो हम सबको गर्व होता है। जब हम देखते हैं कि अब भारत अपने खिलाफ साजिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देता है तो हमारा आत्मविश्वास औऱ बढ़ता है। जब हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर समझौता नहीं करता, जब हमारी सेनाओं की ताकत बढ़ती है तो हमें लगता है कि हां, हम सही रास्ते पर हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सबसे पहले हाल में आए देश में दो बड़े तूफानों से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ताऊते और यास चक्रवात तूफानों ने कई राज्यों को प्रभावित किया है। देश और देश की जनता इससे पूरी ताकत से लड़ी और कम से कम जनहानि सुनिश्चित की। पीएम ने राहत एवं बचाव कार्य में हिस्सा लेने वाले लोगों की सराहना की।

Image

इसके बाद पीएम ने ऑक्सिजन संकट और कोरोना के हालात पर बात की। उन्होंने यूपी के जौनपुर जिले के रहने वाले दिनेश उपाध्याय का जिक्र बताया। कायक्रम में दिनेश जी ने बताया कि चाहे खाना मिले-चाहे न मिले, कुछ भी दिक्कत हो लेकिन हम हॉस्पिटल पहुंचते हैं जब टैंकर लिए देखते हैं कि हॉस्पिटल वाले हम लोगों को V का इशारा करते हैं, उनके परिवार के लोग जिसके घरवाले भर्ती होते हैं। हमको बहुत तसल्ली आती है हमारे जीवन में कि हमने कोई अच्छा काम ज़रुर किया है जो मुझे ऐसा सेवा करने का अवसर मिला है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रुप कैप्टन पटनायक ने कोविड-19 के समय के दौरान के अपने अनुभवों को साझा किया। इस संकट के समय में हमारे देशवासियों को मदद कर सकते हैं यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य का काम है सर और यह जो भी हमें मिशन मिले हैं हम बख़ूबी से उसको निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ट्रेनिंग और सपोर्ट सर्विसेज जो हैं, हमारी पूरी मदद कर रहे हैं और सबसे बड़ी चीज़ है सर, इसमें जो हमें जॉब संतुष्टि मिल रही है वो बहुत ही हाई लेवल पे है और इसी कि वजह से हम लगातार ऑपरेशन कर पा रहे हैं।

पीएम ने आज मन की बात कार्यक्रम में कहा कि आज 30 मई को संयोग से इस सरकार के 7 साल पूरे हो रहे हैं। इन वर्षों में देश सबका साथ-सबका विश्वास के मंत्र पर चला है। देश की सेवा में हर क्षण समर्पित भाव से हम सभी ने काम किया है।

Image

Image

आखिर में पीएम ने देशवासियों से कहा कि हमने पहली लहर में भी पूरे हौसले के साथ लड़ाई लड़ी थी, इस बार भी वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई में भारत विजयी होगा। दो गज की दूरी, मास्क से जुड़े नियम हों या फिर वैक्सीन, हमें ढिलाई नहीं करनी है। यही हमारी जीत का रास्ता है।

 

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles