Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सेना ने उत्तराखंड सरकार से कहा, सीमांत क्षेत्रों में विकास और इंटेलिजेंस मजबूत किया जाए, सीएम तीरथ से मिले सेंट्रल कमांड के कमांडर ले. जनरल योगेंद्र डिमरी
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

सेना ने उत्तराखंड सरकार से कहा, सीमांत क्षेत्रों में विकास और इंटेलिजेंस मजबूत किया जाए, सीएम तीरथ से मिले सेंट्रल कमांड के कमांडर ले. जनरल योगेंद्र डिमरी

सेंट्रल कमांड के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से देहरादून स्थित सचिवालय में मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य के सीमांत क्षेत्रों में संचार सुविधाओं की उपलब्धता एवं सड़कों के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री से हुई भेंट के दौरान सेंट्रल कमांड के जीओसी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह से सीमांत क्षेत्रों में लोकल इंटेलीजेंस की मजबूती पर भी ध्यान दिए जाने, जोशीमठ-ओली तक सडक चौड़ीकरण, बडकोट-पुरोला-मोरी से तथा मीनस-अराल-त्यूणी से हिमाचल को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण एवं सुधारीकरण की भी जरूरत बताई।

 

सीएम तीरथ सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इन क्षेत्रों को सड़क से जोड़ने तथा संचार सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लिपुलेख, गुंजी, नीती मलारी के अग्रिम क्षेत्रों तक संचार सुविधाओं के विकास के सम्बन्ध में उनके द्वारा हाल ही में केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद से भेंट कर राज्य के सीमांत क्षेत्रों में वी सेट की स्थापना आदि के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय मंत्री द्वारा इन क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विकास हेतु शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण आदि के लिए भी उनके द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि जोशीमठ-औली क्षेत्र में सड़कों के निर्माण चौड़ीकरण आदि के लिए भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने दिए हैं। उनके द्वारा सीमांत क्षेत्रों में सड़कों के विकास का भी आश्वासन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड से हिमाचल को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण के प्रस्ताव को भी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें – आह! दरक रहे रैणी से गौरा देवी की ‘स्मृतियों का विस्थापन’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव में सेना द्वारा राज्य को पूरा सहयोग दिया गया है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर राज्य में डीआरडीओ द्वारा ऋषिकेश व हल्द्वानी में 500-500 बेड के अस्पताल प्राथमिकता के आधार पर स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सेंट्रल कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल का आपदा के समय सेना द्वारा राहत कार्यों में सहयोग के लिए भी आभार जताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार शत्रुघ्न सिंह, जीओसी उत्तराखंड सब एरिया मेजर जनरल खत्री, ब्रिगेडियर सीवीके बनर्जी, डिप्टी मिलिट्री सेक्रेटरी सेंट्रल कमांड भी उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles