आखिरकार दो साल के लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड में सभी तरह के वाहनों का किराया बढ़ाया गया है। यात्री वाहनों के अलावा माल भाड़ा वाहनों का किराया बढ़ाया गया है। जहां यात्री वाहनों के किराये में 15 से 27 प्रतिशत बढाया गया, वहीं मालभाड़े किराये में भी लगभग 38 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है।
अभी कुछ दिन पहले ही राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) की बैठक हुई थी उसके बाद परिवहन मुख्यालय ने सभी तरह के वाहनों के किराये की नई दरें जारी कर दीं। ज्ञातव्य रहे कि 18 फरवरी 2020 के बाद इन दरों में बढ़ोतरी की गई है। परिवहन आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी ने बताया कि बस और टैक्सियों के किराये में करीब 22 प्रतिशत, चारधाम यात्रा पर संचालित होने वाली बसों के किराये में करीब 27 प्रतिशत, ऑटो व तिपहिया वाहनों के किराये में 15 से 18 प्रतिशत, माल भाड़े में करीब 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
इस अवसर पर संयुक्त परिवहन आयुक्त एसके सिंह ने बताया कि माल भाड़ा 2016 से नहीं बढ़ाया गया था। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम अधिकतम 20 प्रतिशत कर्मचारी कल्याण अधिभार आरोपित कर सकता है।


Leave a comment