उत्तर प्रदेश की कमान संभाल रहे योगी आदित्यानाथ ने नई दिल्ली में भारतीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। अजीत डोभाल के घर में हुई यह मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट थी। इस मौके पर दोनों लोगों के बीच कई अहम मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। अजीत डोभाल और योगी आदित्यानाथ के बीच हुई इस मुलाकात को आंतरिक सुरक्षा के मामले में काफी अहम माना जा सकता है।
योगी आदित्यनाथ ने जब से उत्तर प्रदेश की कमान संभाली है तब से लेकर अभी तक यहां पर कई जगहों में स्थिति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि राज्य में कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाये। इसके अलावा उन्होंने सरकारी दफ्तरों में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के नारे को लेकर काम करेगी। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ की कुछ ही महीनों के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से दो बार मुलाकात हो चुकी है और दोनों नेताओं ने राज्य के मसलों को जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर अजीत डोभाल द्वारा योगी आदित्यानाथ को हिलरत्न से सम्मानित किया गया। इस मौके पर रॉ के चीफ अनिल धस्माना और हिल मेल के मानद सलाहकार मनजीत नेगी भी मौजूद थे। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएसए अजीत डोभाल और राॅ के चीफ अनिल धस्माना को लखनऊ आने का भी निमंत्रण दिया।
हिल-मेल ब्यूरो


Leave a comment