मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संसद भवन, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सशक्त उत्तराखण्ड@25 के क्रम में राज्य सरकार के रोडमैप को साझा करते हुए प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम आने के लिये भी आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों तथा बदरीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति के संबंध में प्रधानमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि सशक्त उत्तराखण्ड @25 थीम पर नवम्बर माह में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी मसूरी में चिन्तन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य के सभी वरिष्ठ अधिकारियों सहित मंत्रीगणों द्वारा प्रतिभाग किया गया। चिन्तन शिविर में राज्य के विकास हेतु अल्पकालिक, मध्यकालिक तथा दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कंडाली के रेशों से निर्मित शॉल भी भेंट किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सन् 2001 में लोकतंत्र के मंदिर पर हुए आतंकी हमले में अपने प्राण न्योछावर कर माँ भारती के गौरव की रक्षा करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा हेतु दिया गया बलिदान सदैव हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


Leave a comment