देहरादून में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने युवती के गले पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद अपने हाथ की नस भी आरोपी ने काट दी। आरोपित युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि युवती को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एसपी सिटी देहरादून सरिता डोभाल ने बताया की बंजारावाला निवासी युवती एक निजी कंपनी में काम करती है। वहीं, आरोपित आदर्श गुरुंग बंजारावाला में चाऊमीन की रेहड़ी लगाता है। दोनों के बीच कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है।
आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती के स्वजन मना कर रहे थे। इससे नाराज होकर के आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया और दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत चलती रही। इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आदर्श ने युवती के गले पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद खुद भी अपने हाथ की नस काट ली और वहां भीड़ जुटने पर भाग गया।
वही लोगों ने उसका पीछा किया और उसे क्लेमेनटाउन के जंगल में पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एसपी सिटी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।


Leave a comment