परिवहन निगम के अनुसार मानसून सीजन में बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। जून महीने में जहां प्रतिदिन औसतन करीब डेढ़ लाख यात्री रोडवेज बसों से सफर कर रहे थे, वहीं मानसून शुरू होने के बाद यह संख्या घटकर लगभग 90 हजार रह गई है। इसका सीधा असर निगम की आय पर भी पड़ा है। जून में जहां रोजाना करीब ढाई करोड़ रुपये की आय हो रही थी, वहीं अब यह घटकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गई है।
इसी स्थिति को देखते हुए परिवहन निगम ने किराये में छूट देने का निर्णय लिया है। निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि यदि कोई यात्री एक साथ आने-जाने यानी राउंड ट्रिप का टिकट बुक करता है, तो उसे दोनों तरफ के बेस किराये पर 10-10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इससे नियमित यात्रियों, पर्यटकों और कामकाजी लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी।
इसके अलावा समूह में यात्रा करने वालों के लिए भी विशेष रियायत की व्यवस्था की गई है। यदि छह यात्री एक साथ ग्रुप टिकट बुक कराते हैं, तो चौथे यात्री को 10 प्रतिशत, पांचवें यात्री को 12 प्रतिशत और छठे यात्री को 15 प्रतिशत तक किराये में छूट दी जाएगी। निगम ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि योजना का लाभ यात्रियों को तुरंत मिल सके।
इस बीच उत्तराखंड परिवहन निगम के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। निगम को लंबे समय से प्रतीक्षित 59 नई बसें अब पुरानी निर्धारित कीमत पर ही मिलेंगी। बस निर्माता कंपनी ने निगम को पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि वह पहले तय दर पर ही बसों की आपूर्ति करेगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष परिवहन निगम को 100 नई बसें मिली थीं। 38 सीट क्षमता वाली इन बसों की कीमत लगभग 32.58 लाख रुपये प्रति बस तय की गई थी। इसके बाद 59 और बसें मिलनी थीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए निर्माता कंपनी ने पुरानी कीमत पर बसें उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई थी। इस पर परिवहन निगम ने कंपनी से स्थिति स्पष्ट करने को कहा था।
महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि अब कंपनी ने पुराने मूल्य पर ही 59 बसें उपलब्ध कराने की सहमति दे दी है। इन नई बसों के दिवाली तक परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने की संभावना है। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही निगम की संचालन क्षमता भी बढ़ेगी।


Leave a comment