सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नाबार्ड मुख्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को ऋण मेलों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। सरकार का प्रयास है कि किसानों को ऋण प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के दौरान भारत सरकार की वित्तपोषित योजनाओं, ब्याजमुक्त ऋण वितरण और सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिला सहकारी बैंकों में बढ़ते गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) पर मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को करीब 400 करोड़ रुपये की ऋण वसूली का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए ऋण वितरण के साथ-साथ समय पर वसूली भी जरूरी है।
सात दिसंबर को होगी दोबारा समीक्षा
मंत्री ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधकों को प्रत्येक एमपैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों) के स्तर पर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को सात दिसंबर तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसी दिन विभागीय कार्यों और निर्देशों के क्रियान्वयन की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
ऋण वितरण में चमोली सबसे आगे
जिलावार ऋण वितरण की समीक्षा में चमोली ने 63 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया है। ऊधमसिंह नगर 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा 50 प्रतिशत और हरिद्वार 49 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहे। वहीं मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ ने 72 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर और किसान समृद्धि केंद्रों की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। सरकार का लक्ष्य सहकारी समितियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाना और किसानों को वित्तीय सुविधाओं से जोड़ना है। दिसंबर से शुरू होने वाले ऋण मेलों के जरिए किसानों तक संस्थागत ऋण की पहुंच बढ़ाने तथा सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।




Leave a comment