त्रिवेंद्र सिंह रावत की दूसरी ई-कैबिनेट में बृहस्पतिवार को कई अहम फैसले लिये गए। कैबिनेट ने जयहरीखाल में एक बोर्डिंग स्कूल खोलने को मंजूरी दी है। यह विद्यालय ट्रस्ट के माध्यम से संचालित होगा। इसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री और उपाध्यक्ष शिक्षा मंत्री होंगे। हंस फाउंडेशन इस कॉलेज की निर्माण में 60 प्रतिशत का योगदान करेगी।
वहीं जल्द ही ऋषिकेश एम्स को 200 एकड़ जमीन देने का फैसला किया गया है। दरअसल, ऋषिकेश आईडीपीएल स्थित 830 एकड़ भूमि की लीज मार्च में खत्म हो रही है। केंद्र इस जमीन को राज्य को वापस करेगा। इसमें से 200 एकड़ जमीन ऋषिकेश एम्स को मिलेगी बाकी पर्यटन विभाग के पास रहेगी। समस्त भूमि को पहले वन विभाग के अधीन किया जाएगा। इसके बाद जमीन पर्यटन विभाग को दी जाएगी।
उत्तराखंड उपखनिज नियमावली 2001 में संशोधन करते हुए नदी चुगान क्षेत्र में चुगान की गहराई 1.5 मीटर से बढ़ाकर 3 मीटर अथवा ग्राउंड लेवल तक करने की अनुमति दी गई।
अल्मोड़ा नैनीसार में आवासीय निजी स्कूल को मंजूरी दी गई है। 4 करोड़ लागत की 7.06 हेक्टेयर की भूमि के प्रस्ताव पर पुर्नविचार किया जाएगा। यह देखा जाएगा कि पांच वर्ष में उस भूमि का कितना उपयोग हुआ है।
राज्य सरकार को जनपद अथवा अन्य किसी भी निकाय क्षेत्र में किसी भी स्लाटर हाउस, पशु वधशाला को बंद करने के अधिकार है, इसके लिए अध्यादेश लाया जाएगा। इससे अब सरकार किसी भी क्षेत्र को प्रतिबंधित कर सकेगी।
कुंभ मेला 2021 के लिए 31 पद स्वीकृत किए गए हैं। अप्रैल 2020 में होने वाले वेलनेस समिट के लिए भारतीय उद्योग संघ पार्टनर के रूप में काम करेगा। वहीं खनिज नियमावली के अवैध भंडारण के मामलों में सुनवाई के अधिकार एडीएम अथवा राज्य सरकार द्वारा अधिकृत अधिकारी को प्रदान किया जाएगा। साथ ही नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण में सड़क किनारे भूमि के कब्जेदार को मुआवजा दिया जाएगा।


Leave a comment