दिल्ली में भले ही सियासी पारा चरम पर हो लेकिन यहां उत्तराखंड का जायका सभी के सिर चढ़कर बोल रहा है। यहां लाल किला परिसर में मनाए जा रहे भारत पर्व में उत्तराखंड पैवेलियन में पर्यटक उत्तराखंडी भोजन का लुत्फ उठा रहे हैं। पैवेलियन में उत्तराखंड के होटल सैफरन लीफ से आए प्रसिद्व शेफ ओम प्रकाश, संदीप सिंह द्वारा पहाड़ी व्यंजनों की बनाने की विधि का लाइव प्रदर्शन किया गया।
“लाइव फूड डेमोंसट्रेशन” में शेफ द्वारा पहाड़ी शिकार, गहत के सवाले, मंडुवे की रोटी के साथ पिडांलू की सब्जी, पहाड़ी रायता, झंगोरे की खीर बनाई गई। इसके स्वाद को दर्शकों/पर्यटकों द्वारा खूब सराहा गया। उत्तराखंड के फूड स्टॉल में उत्तराखंड के व्यंजन भट्ट की चुड़कानी, गहत की दाल, खजूर के पास्ते, काफली, सिगंल, उड़द के बड़े का पर्यटकों द्वारा लुत्फ उठाया जा रहा है।
उत्तराखंड पैवेलियन में उत्तराखंड हस्तशिल्प एवं हथकरघा, उद्योग विभाग एवं कौसानी से हिमगिरी आजीविका द्वारा उत्पादों का प्रदर्शन, प्योरा, मुक्तेश्वर, नैनीताल से आरोही एनजीओ द्वारा होम स्टे उत्पादों का प्रदर्शन एवं उत्तराखंड की प्रसिद्ध म्यूजिक जुन्याली डॉल आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सांस्कृतिक संध्या में संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति अल्मोड़ा के लोक कलाकारों द्वारा वंदना छपेली, बसंत झोड़ा, न्योली नृत्य, जौनसारी नृत्य का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। उल्लेखनीय है कि “भारत पर्व” का आयोजन पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर “देखो अपना देश” एवं “महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती” थीम पर आधारित है। भारत पर्व आयोजन में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद्, संस्कृति विभाग, हस्तशिल्प उद्योग विभाग द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।
इस वर्ष उत्तराखंड पैवेलियन में उत्तराखंड सरकार की होमस्टे योजना को आर्कषक रूप से प्रदर्शित किया गया है जिसमें कम्यूनिटी होमस्टे बासा खिर्सू, पौड़ी, सरमोली मुनस्यारी, नाबी होम स्टे, पिथौरागढ, प्योरा मुक्तेश्वर, रोज कांडा-बागेश्वर, कीमाना, उखीमठ, पीयर्स एण्ड पीचेज, चमोली, उल्लार जयहरीखाल लैंसडाउन, हिमालयन अबोड जोशीमठ के साथ उत्तराखंड राज्य में आगामी पर्यटन के कार्यक्रमों योग महोत्सव, एडवेंचर समिट एवं माउंटेन बाइकिंग को प्रदर्शित किया गया।


Leave a comment