Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड में बढ़ा रहे डॉक्टरों की संख्या, दूरस्थ इलाकों पर फोकसः त्रिवेंद्र सिंह
उत्तराखंड न्यूज़

उत्तराखंड में बढ़ा रहे डॉक्टरों की संख्या, दूरस्थ इलाकों पर फोकसः त्रिवेंद्र सिंह

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा है कि उनकी सरकार सुदूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। पिछले तीन साल में राज्य में डॉक्टरों की संख्या 2100 हो गई है, इससे पहले यहां 1087 डॉक्टर थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में टेलीरेडियोलॉजी/टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू की गई है। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित घेस गांव को नई दिल्ली स्थित अपोलो हॉस्पिटल से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए निःशुल्क हॉस्टल एवं यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नई दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा आयोजित देवभूमिः चिकित्सा सेवा के सात वर्ष कार्यक्रम में बोल रहे थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मिशन लगातार सात वर्ष से उत्तराखंड के  विषम भौगोलिक परिस्थिति में स्थित केदारनाथ, बदीरनाथ यमुनोत्री तथा अन्य दूरस्थ जगहो में अपनी चिकित्सा सेवाऐं उपलब्ध करा रहा है। यह एक अतुलनीय कार्य है। मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून से गौचर तक हेली सेवा प्रारंभ की गई है। अब देहरादून से गौचर 40 मिनट तक पहुंचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मिशन द्वारा स्वर्गीय डा. नित्यानंद का सपना पूर्ण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुस्तक “देवभूमिः चिकित्सा सेवा के सात वर्ष” का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्ंद हेल्थ मिशन में सराहनीय योगदान के लिए एम्स ऋषिकेश को पुरस्कृत किया।

स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी की स्थापना का उद्देश्य उत्तराखंड राज्य के चारों धाम में आनेवाले तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।  वर्ष 2012 में प्रथम केंद्र धर्मावाला, देहरादून में स्थापित किया गया है। इसके बाद गंगोत्री धाम मार्ग में स्थित मनेरी, केदारनाथ धाम मार्ग में स्थित नारायण कोटी, यमुनोत्री धाम मार्ग में स्थित बड़कोटी एवं बदरीनाथ धाम मार्ग में स्थित पीपलकोटी में क्रमानुसार स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ हॉस्पिटल आरंभ हुए है। इन केंद्रों के माध्यम से वहां के निवासियों एवं तीर्थयात्रियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इसी कड़ी में मिशन द्वारा वर्ष 2019 में बदरीनाथ धाम एवं केदारनाथ धाम में स्वामी विवेकानंद सेवार्थ हॉस्पिटलों की स्थापना की गई है।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्ष वर्धन, उत्तराखंड की राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्या, विजय कौशल महाराज, मंगला माता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  के सह-सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल, संघ के सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी आदि उपस्थित थे।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...