हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
शहरों के प्रदूषण से दूर प्रकृति की गोद में अगर कुछ पल सुकून के बिताना चाहते हैं या एडवेंचर आपको पसंद है तो उत्तराखंड बुला रहा है। देवभूमि में ‘गंगा क्याक फेस्टिवल’ चल रहा है, जिसमें देश-विदेश के लोग शिरकत कर रहे हैं। अगर आप यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं तो कोई बात नहीं मार्च में एक बार फिर आपको मौका मिलेगा। जी हां, ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ में एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमी यहां पहुंचेंगे। उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम कर रही है।
सीएम रावत ने बताया कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से ‘द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी’ द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘गंगा क्याक फेस्टिवल’ के 10वें संस्करण में देश-विदेश के एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं।
एडवेंचर प्रेमियों के लिए उत्तराखंड सचमुच स्वर्ग है। मुझे बेहद खुशी है कि वर्तमान में राज्य के कई स्थानों ने साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में बहुत मजबूत स्थिति बना ली है।
– त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से एक ओर जहां देश-विदेश में राज्य के समृद्ध साहसिक पर्यटन का प्रचार प्रसार होता है वहीं, दूसरी ओर इनसे स्थानीय युवा और पर्यटन व्यवसायी भी लाभान्वित होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने कहा कि आगामी मार्च 2020 में प्रस्तावित ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ में एक बार फिर एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों का उत्कर्ष देखने को मिलेगा। एडवेंचर प्रेमियों के लिए उत्तराखंड सचमुच स्वर्ग है। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, ‘मुझे बेहद खुशी है कि वर्तमान में उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों ने साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में बहुत मजबूत स्थिति बना ली है।’


Leave a comment