चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना के बाद ऐसा विवाद खड़ा हो गया जिसने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ सिख युवकों और स्थानीय लोगों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सिख युवकों ने तलवारों से हमला कर दिया, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बदरीनाथ हाईवे पर करीब चार घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में चार युवकों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कर्णप्रयाग के कर्ण मंदिर क्षेत्र में एक स्थानीय व्यापारी प्रकाश रावत सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख युवकों के दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद प्रकाश रावत ने युवकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और युवकों ने अपने पास मौजूद तलवारें निकाल लीं। इसके बाद स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे कई लोग भी हमले की चपेट में आ गए और घायल हो गए। घटना के दौरान तलवारें लहराने और लोगों को दौड़ाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिससे लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया।
हमले में घायल हुए लोगों को तत्काल कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रकाश रावत को हेली एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं एक अन्य गंभीर घायल को बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। घटना में घायल मनप्रीत नामक युवक, जो हिरासत में लिए गए आरोपियों में शामिल बताया जा रहा है, का भी पुलिस निगरानी में उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो युवकों को घटनास्थल से हिरासत में लिया, जबकि दो अन्य युवकों को गौचर की ओर भागते समय पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने कर्णप्रयाग के पंचपुलिया क्षेत्र में हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। हाईवे जाम होने के कारण बदरीनाथ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम का असर आसपास के संपर्क मार्गों पर भी देखने को मिला।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने लोगों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना ने चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।








Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *