Tuesday , 15 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश : वर्षा राहत कार्यों में बरतें सतर्कता और विकास कार्यों को दें गति
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेहरादून

सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश : वर्षा राहत कार्यों में बरतें सतर्कता और विकास कार्यों को दें गति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को संबोधित करते हुए वर्षा राहत कार्यों, सुशासन, जनसेवा तथा अवस्थापना विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लगातार ग्राउंड ज़ीरो पर रहकर हालात की निगरानी करें और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में हो रही लगातार बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति को देखते हुए सड़कों, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की बाधाओं को शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए। जलभराव की स्थिति से निपटने हेतु सभी तैयारियां पहले से रखी जाएं और फसलों को हुई क्षति का आकलन शीघ्र किया जाए।

फर्जी दस्तावेजों पर होगी कड़ी कार्रवाई

सीएम धामी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि जिन लोगों ने गलत तरीके से राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड अथवा अन्य सरकारी दस्तावेज प्राप्त किए हैं, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, इन दस्तावेजों को बनाने में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर ज़ोर

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में शासकीय अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। इसमें दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति और स्वच्छता की जांच शामिल है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी औचक निरीक्षण करेंगे।

विकास कार्यों में हो तेजी और गुणवत्ता

उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश के बाद सभी अवस्थापना विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। सड़कों, पुलों, नालियों और अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, राज्य और केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए।

स्वदेशी उत्पादों को मिले प्राथमिकता

सीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया और आम जनता को भी स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासों की बात कही।

पंचायत चुनावों की सफलता पर जताया आभार

मुख्यमंत्री ने राज्य में सफलतापूर्वक संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी की कर्तव्यनिष्ठा से चुनाव शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न हुए।

इस वर्चुअल बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles