देहरादून के रानीपोखरी रोड क्षेत्र में 14 नवंबर की रात सड़क पर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। इंटरनेट पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पूर्व BJP विधायक प्रणव चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप को अपने साथियों के साथ पूर्व चीफ सेक्रेटरी के बेटे यशोवर्धन से मारपीट करते हुए देखा गया। यह वीडियो सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मामले के अनुसार, यशोवर्धन अपनी कार से रानीपोखरी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दिव्य प्रताप और उनके दोस्तों की गाड़ी ने ओवरटेक किया। थोड़ी दूरी आगे जाकर कथित तौर पर उन्होंने यशोवर्धन की कार को रोक लिया और कहासुनी शुरू हो गई। पीड़ित के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर उन्हें गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट की गई और हथियार दिखाकर धमकाया गया। वायरल वीडियो में दिव्य प्रताप लाल हुडी में नजर आ रहे हैं और हाथ में हथियार लहराते देखे जा सकते हैं।
पीड़ित यशोवर्धन ने पुलिस को अपने बयान में कहा कि आरोपियों ने खुद को नेता का बेटा बताते हुए धमकियां दीं और उन्हें गंभीर रूप से डराया-धमकाया। घटना के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में दिव्य प्रताप और उनके तीन साथियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर थाने में पेश होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिव्य प्रताप द्वारा दिखाए गए हथियार के लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं जिस कार से विवाद हुआ, उसके 18 ओवरस्पीडिंग और अन्य चालान भी लंबित पाए गए हैं।
राजनीतिक माहौल में भी इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। BJP नेताओं ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और यदि दिव्य प्रताप दोषी पाए जाते हैं, तो कार्रवाई तय होगी। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि क्या नेताओं के बेटे खुद को कानून से ऊपर समझते हैं और क्या ऐसे मामलों में कार्रवाई हमेशा धीमी पड़ जाती है।


Leave a comment