Home सरोकार देहरादून में डंपर ने मजदूर को कुचला, सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा
सरोकारउत्तराखंड न्यूज़क्राइमदेहरादून

देहरादून में डंपर ने मजदूर को कुचला, सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा

देहरादून के कांवली रोड पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खनन सामग्री से लदे एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे पैदल जा रहे मजदूर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर करीब साढ़े चार घंटे तक जाम लगा दिया।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय सकल देव साहनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले थे। वह वर्तमान में देहरादून के कालिंदी एनक्लेव में रहकर मजदूरी करते थे। बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 5:45 बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ काम की तलाश में बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर पैदल जा रहे थे। तभी सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि सकल देव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक और क्लीनर चलते डंपर से कूदकर फरार हो गए। बिना चालक का डंपर ढलान पर तेज गति से नीचे की ओर भागता रहा और करीब 60 मीटर आगे जाकर सड़क किनारे खड़े एक छोटे लोडर को घसीटते हुए बिजली के पोल और दीवार से टकराकर रुका। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य वाहन नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कांवली रोड पुल के पास टायर और लकड़ियां जलाकर सड़क जाम कर दी। आक्रोशित भीड़ ने डंपर के शीशे भी पत्थर मारकर तोड़ दिए। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लंबे समय तक शव उठाने नहीं दिया।

स्थिति बिगड़ती देख कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा। इस दौरान बल्लीवाला चौक पर भी जाम लगाने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली।

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि सकल देव के बेटे की अगले महीने शादी तय थी। वह कुछ दिन पहले ही बिहार से देहरादून लौटे थे ताकि मजदूरी कर बेटे की शादी के लिए पैसे जुटा सकें। परिवार में पत्नी, एक बेटा और चार बेटियां उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर डंपर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में खनन वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी बनी हुई है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल, जुबिन नौटियाल के पिता हैं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। देहरादून...

उत्तराखंड में अगले चार महीने में 2000 पदों पर भर्ती की तैयारी, UKSSSC का परीक्षा कैलेंडर जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण...