Tuesday , 15 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ डांगी गांव में बुजुर्ग महिला पर गुलदार ने किया हमला
उत्तराखंड न्यूज़रुद्रप्रयाग

डांगी गांव में बुजुर्ग महिला पर गुलदार ने किया हमला

पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना तहसील बसुकेदार के डांगी गांव में सामने आई है, जहां सोमवार सुबह करीब 9 बजे 63 वर्षीय चौता देवी पत्नी गोविंद सिंह पर खेत में निराई करते समय गुलदार ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर, हाथ और पैर पर गंभीर घाव आए हैं। घायल अवस्था में बुजुर्ग महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

यह घटना प्राथमिक विद्यालय से मात्र सौ मीटर की दूरी पर हुई, जिसने ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। डांगी गांव में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गुलदार कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि जून की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने वाले हैं और इस तरह की घटनाएं बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की कि स्कूल खुलने से पहले इस खतरे को नियंत्रित किया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय निवासियों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गुलदार की बढ़ती गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों ने मांग की कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएं और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles