मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखबा) से आज शनिवार 25 अप्रैल को गंगा की डोली गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गई। मां गंगा की डोली आज रात्रि विश्राम भैरव मंदिर (भैरवघाटी) पर करेंगी और 26 अप्रैल को सुबह गंगोत्री धाम पहुंचेगी। जहां गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रोहिणी अमृत योग की शुभ बेला पर दोपहर 12:35 बजे सादगीपूर्ण ढंग से गंगोत्री धाम के कपाट दर्शनाथ के लिए खोल दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि वैश्विक महामारी कोविड 19 और देशव्यापी लॉकडाउन के चलते इस बार मां गंगा की डोली उपजिलाधिकारी भटवाड़ी देवेंद्र सिंह नेगी की मौजूदगी में सिर्फ तीर्थ पुरोहितों द्वारा ही रवाना की गई। कोई भी तीर्थयात्री, श्रद्धालु मौजूद नहीं था। ऐसा कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अनिवार्य रूप से सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए जरूरी था।
इस अवसर पर मुखबा गांव और तीर्थ पुरोहितों द्वारा सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का पूर्ण अनुपालन किया गया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. डीपी जोशी, सीओ कमल पंवार, मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल, मंदिर समिति के पदाधिकारी और तीर्थ पुरोहित मौजूद थे।


1 Comment