Saturday , 12 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सिद्धबली मंदिर में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, 60 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने दो महिला आरोपियों को दबोचा
उत्तराखंड न्यूज़क्राइमपौड़ी गढ़वालसरोकार

सिद्धबली मंदिर में मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, 60 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने दो महिला आरोपियों को दबोचा

सिद्धबली मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालु के गले से मंगलसूत्र चोरी की सनसनीखेज वारदात का कोटद्वार पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई गहन जांच के बाद संभव हो सका। पुलिस की इस कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी संगम प्रजापति अपने परिवार के साथ प्रसिद्ध सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आई थीं। मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच दर्शन के दौरान उनके गले से मंगलसूत्र चोरी हो गया। घटना का पता चलने पर उन्होंने कोटद्वार कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी के निर्देश पर कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मंदिर परिसर, आसपास के मार्गों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। कई घंटे तक चली जांच में पुलिस को दो संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं। पुलिस लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दोनों महिलाएं एक बार फिर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में आने वाली हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और 25 जुलाई को गुलर पुल के पास स्नेह रोड पर दोनों महिलाओं को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा रानी, निवासी रामपुरा, थाना धनौरा, जिला अमरोहा तथा सरोज, निवासी मोहम्मदपुर पट्टी, थाना बछरायूं, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वे अन्य जिलों या धार्मिक स्थलों पर हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।

एसएसपी पौड़ी ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने धैर्य, तकनीकी जांच और सतर्कता के बल पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से भी अपील की कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर अपने कीमती सामान और आभूषणों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

ओपीयू-आईवीएफ तकनीक से साहीवाल गाय ने दिया बद्री बछिया को जन्म

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर और राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान...