बॉर्डर पर चीन के साथ बढ़े तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अचानक लेह पहुंच गए। इससे पहले कहा जा रहा था कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को लेह जा सकते हैं लेकिन कुछ घंटे पहले उनका दौरा टल गया। आज सुबह होते ही पीएम जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए चीन बॉर्डर पहुंच गए। मोदी के इस सरप्राइज में चीन के लिए बड़ा संदेश है कि उसकी हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरा भारत अपने जवानों के साथ डटकर खड़ा है।
पीएम मोदी के साथ इस दौरे पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और आर्मी चीफ एमएम नरवणे भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी लेह अस्पताल भी जाएंगे जहां वह 15 जून को गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में घायल जवानों से भी मिलेंगे।
लद्दाख में नीमू नामक जगह पर वह सबसे पहले गए। यहां मोदी ने आर्मी, एयरफोर्स और आईटीबीपी के जवानों से बात की है। यह बॉर्डर की फॉरवर्ड लोकेशन है। आपको याद होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जून को मन की बात में ही चीन को दो टूक संदेश दे दिया था कि भारत की जमीन पर आंख उठाकर देखनेवालों को करारा जवाब मिला है।
आपको बता दें कि 15 जून को भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। चीन के भी करीब 40 जवान मारे गए लेकिन उसने इसकी घोषणा नहीं की। पीएम मोदी का यूं जवानों के बीच जाना उनका हौसला बढ़ाने वाला कदम है।



Leave a comment