Saturday , 26 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पौड़ी गढ़वाल पाबौ में मछली पालन से स्वरोजगार की मिसाल बने राजेंद्र चमोली, सात तालाबों में कर रहे उत्पादन
पौड़ी गढ़वाल

पाबौ में मछली पालन से स्वरोजगार की मिसाल बने राजेंद्र चमोली, सात तालाबों में कर रहे उत्पादन

जिले के पाबौ विकासखंड के बिडोली गांव निवासी राजेंद्र चमोली ने मछली पालन को स्वरोजगार का जरिया बनाकर आत्मनिर्भरता की राह पकड़ी है। करीब पांच वर्षों से मछली उत्पादन से जुड़े राजेंद्र वर्तमान में सात तालाबों में मछली पालन कर रहे हैं। उनकी इस पहल से न केवल उनकी आय का स्रोत मजबूत हुआ है, बल्कि गांव की तीन महिलाओं को भी रोजगार का अवसर मिला है।

 

राजेंद्र ने मत्स्य विभाग के सहयोग से मछली पालन का काम शुरू किया था। शुरुआत में सीमित स्तर पर शुरू की गई यह पहल अब सात तालाबों तक पहुंच गई है। इन तालाबों में मुख्य रूप से पंगास और ग्रास कार्प मछलियों का उत्पादन किया जा रहा है। राजेंद्र वर्ष में दो से तीन बार मछली का उत्पादन करते हैं और तैयार मछली को स्थानीय बाजारों में बेचते हैं।

वर्तमान में एक उत्पादन चक्र में करीब चार कुंतल मछली का उत्पादन हो रहा है। स्थानीय बाजार में मछली की मांग होने के कारण उत्पाद की बिक्री में भी उन्हें विशेष परेशानी नहीं होती। राजेंद्र उत्पादन को और बढ़ाने के साथ मछली पालन में विविधता लाने की तैयारी में भी जुटे हैं। इसके तहत वह अब तालाबों में गोल्डन फिश का बीज डालने की योजना बना रहे हैं।

मछली पालन से होने वाली आय में से महिलाओं को भुगतान करने के बाद राजेंद्र सालाना करीब तीन लाख रुपये की बचत कर रहे हैं। उनके साथ काम कर रही महिलाएं भी इस गतिविधि से आमदनी अर्जित कर रही हैं। इससे उन्हें गांव में ही रोजगार मिलने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।

जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा के अनुसार, राजेंद्र चमोली पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेरणा मत्स्यजीवी सहकारी समिति से जुड़े हुए हैं। मछली पालन शुरू करने से पहले वह सब्जी उत्पादन का कार्य करते थे। विभाग की ओर से सहयोग मिलने और मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत लाभान्वित किए जाने के बाद उन्होंने मछली पालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाया।

राजेंद्र का कहना है कि स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर भी रोजगार और आय के बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। उनके प्रयास से गांव में अन्य लोगों को भी मछली पालन जैसी गतिविधियों को स्वरोजगार के रूप में अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।

पौड़ी के ग्रामीण क्षेत्र में राजेंद्र चमोली की यह पहल स्वरोजगार, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और महिला रोजगार की दिशा में एक उदाहरण के रूप में सामने आई है। मछली उत्पादन के विस्तार के साथ वह अपनी आय बढ़ाने के साथ स्थानीय बाजार की मांग को पूरा करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

कोटद्वार में SBI शाखा प्रबंधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में लटका मिला शव

पौड़ी गढ़वाल के धुमाकोट में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा के...

पिरुल से हुनर और रोजगार की राह पर बढ़ रहे जिला कारागार के बंदी

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में जिला कारागार के बंदी अब पिरुल की...

छह वर्षों में 30,286 लाभार्थियों तक पहुंचा उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ

पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को किसानों की आजीविका का बेहतर माध्यम बनाने...