केदारनाथ यात्रा शुरू होते ही यहां पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। श्री केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन हेतु व आपदा न्यूनीकरण तंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा यात्रा मार्ग के विभिन्न सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं सहायक सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है।
चूंकि श्री केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग लगभग 16 किलोमीटर है तथा मार्ग में कई बार यात्रियों के बीमार होने या किसी यात्री के साथ दुर्घटनाग्रस्त होने तथा मृत्यु जैसी घटनाएं संज्ञान में आती हैं जिनको तत्काल यात्रा मार्ग से गौरीकुंड तक पहुंचाने की आवश्यकता होती है।
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष यात्रा हेतु अनुकूल परिस्थितियों के दृष्टिगत यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होने की संभावना है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों व सहायक सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने तैनात किए गए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उन्हें दिए गए दायित्वों का सतर्कता एवं कुशलता साथ निर्वहन करने को कहा है।
उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व सहायक सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि डीडीआरएफ, वाईएमएफ व पुलिस बल से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए किसी भी तरह की दुर्घटना से प्रभावित यात्रियों को श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग से गौरीकुंड पहुंचाने हेतु आवश्यकतानुसार डंडी, कंडी, घोड़ा, खच्चर की व्यवस्था की जाए।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय करते हुए एम्बुलेंस तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
चारधाम यात्रा में दिन प्रतिदिन यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है आज केदारनाथ में 18183, बदरीनाथ में 14231, गंगोत्री में 7572 और यमुनोत्री में 7261 पहुंचे।


Leave a comment