Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तरकाशी उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं गंगा समेत कई नदियां, ऋषिकेश में घाट डूबे, अलर्ट जारी
उत्तरकाशीउत्तराखंड न्यूज़टिहरीदेहरादूननैनीतालपिथौरागढ़

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं गंगा समेत कई नदियां, ऋषिकेश में घाट डूबे, अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हो रही है। यही हाल कमोबेश आज भी बने रहेंगे। मौसम विशेषज्ञों ने आज चमोली, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। जी हां, उत्तराखंड में अभी से ही मॉनसून का विकराल रूप दिखने लगा है। पूरे प्रदेश में बीते कई घंटों से बारिश हो रही है, जिससे नदियों और नालों में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। गंगा भी उफान पर है। ऋषिकेश और हरिद्वार में अलर्ट जारी हो गया है। इतना ही नहीं, आगे भी रुक-रुक कर बारिश के आसार हैं।

कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

गंगा नदी के अलावा शारदा, अलकनंदा, मंदाकिनी आदि नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। ऐसे में किनारे पर रहने या आने-जाने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है।

ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन आश्रम, त्रिवेणी और लक्ष्मण झूला के गंगा घाट डूब गए हैं। टिहरी, पौड़ी और ऋषिकेश प्रशासन मुनादी करवा कर लोगों को सावधान कर रहा है। प्रतीतनगर, श्यामपुर के खदरी माफी आदि इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

बारिश का आलम यह है कि पहाड़ और मैदानी इलाकों सभी जगह पानी ही पानी है। आज सुबह हरिद्वार में 3 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है जिससे गंगा उफान पर है। रात में ही यूपी सिंचाई विभाग ने भीमगौड़ा बैराज के सभी गेट खोल दिए थे। लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि कहीं से अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

टिहरी में रात से ही बारिश हो रही है। श्रीनगर में बिजली सप्लाई बाधित हुई है। यहां कई इलाकों में पानी नहीं आएगा क्योंकि नदी में गाद आ गई है। बीरोंखाल में भी लगातार बारिश हो रही है।

टनकपुर में शारदा नदी उफान पर हैं। आसपास की आबादी को खतरा पैदा हो गया है। गोरी नदी में पानी बढ़ने से सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है। बंगापानी के पास कई बस्तियां खतरे में हैं। मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क भी कई जगहों पर बह गई है। नैनीताल में पिछले कई घंटों से बारिश हो रही है। उत्‍तराखंड के मुक्‍तेश्‍वर में 10 सेंटीमीटर बारिश हुई है। टिहरी में 9 सेमी बारिश हुई।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...