मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सीटिजन नेशनल हेल्पलाइन एल्डरलाइन 14567 का उत्तराखंड में शुभारंभ किया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए यह हेल्पलाइन 14567 शुरू की गई है।

देहरादून के आईटी पार्क स्थित एसटीपीआई बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के अनुरूप यह हेल्पलाइन बुजुर्गों की समस्याओं के निदान में सहायक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों की सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए। इसके लिए जनजागरुकता बहुत जरूरी है। उत्तराखंड के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन एकाकी जीवन जी रहे हैं। हमें उन सभी तक पहुंचना है और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। ग्राम स्तर तक जागरूकता लानी जरूरी है। वरिष्ठ जनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ग्राम स्तर तक दी जाए। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि हेल्पलाइन 14567 बुजुर्गों की समस्याओं को दूर करने के उपयुक्त मंच होगा और उनको भावनात्मक सपोर्ट भी प्रदान करेगा।
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि इस हेल्पलाइन से वरिष्ठ जनों की समस्याओं का समाधान घर बैठे होगा। यह कॉल सेंटर ही नहीं बल्कि सच्चे मायनों में कनेक्ट सेंटर बनेगा। आर्य ने कहा कि कॉल सेंटर पर काम करने वाले कर्मचारी व्यवहार कुशल हों। विभागीय अधिकारी भी लगातार इसकी मानिटरिंग करें।

अपर सचिव समाज कल्याण रामविलास यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार एवं समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहायता देने एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन (एल्डरलाइन-14567) स्थापित की गई है। सुबह 8 बजे से सांय 8 बजे तक इस पर संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल फैनई सहित समाज कल्याण विभाग एवं कॉल सेंटर का संचालन करने वाली संस्था आर्टिवा ग्रुप के अधिकारी भी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिग द्वारा जिलों के जिलाधिकारी भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम की मॉडरेटर वरिष्ठ पत्रकार नलिनी गुसाईं थी।


Leave a comment