उत्तराखंड के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि वह सबको साथ लेकर चलेंगे। राज्य से जुड़े हर मुद्दे पर सभी पक्षों की बात सुनेंगे। इसकी नजीर उन्होंने मंगलवार को विधानसभा परिसर में पेश की। सीएम धामी जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने विधानसभा परिसर में पहुंचे, वहां कांग्रेस के दो विधायक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। सीएम धामी ने पहले दोनों की बात सुनी और फिर धारचूला विधायक हरीश धामी और केदारनाथ विधायक मनोज रावत को अपने कक्ष में आमंत्रित किया।

इस दौरान विधायक हरीश धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र धारचूला में मोबाइल कनेक्टीविटी की समस्या की बात कहते हुए मोबाइल टावर लगाए जाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सड़कों के संबंध में भी अपनी बात रखी। वहीं केदारनाथ के विधायक मनोज रावत ने कहा कि कोविड संक्रमण के मामलों में अब कमी देखने को मिल रही है, इसलिए चारधाम यात्रा को फिर से शुरू किया जाए।

सीएम धामी ने दोनों विधायकों की समस्याओं को सुनते समय संबंधित अधिकारियों को भी अपने कक्ष में बुलाया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धारचूला क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टीविटी के लिए जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही की जाए। इसके लिए केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के संबंध में राज्य सरकार ने माननीय न्यायालय में अपना पक्ष रखा है। इस बैठक में मुख्य सचिव डा. एस. एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु उपस्थित थे।


Leave a comment