प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे की अगुवाई में पीएमओ की एक टीम बृहस्पतिवार को बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंची। दोनों धामों में चलाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद यह टीम वापस लौट गई। भास्कर खुल्बे समेत पूरी टीम सुबह 8.45 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। यहां केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों, उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड, जिला पुलिस-प्रशासन ने उनकी अगवानी की।

केदारनाथ धाम के पुजारी बागेश लिंग ने टीम के साथ भगवान केदारनाथ का रूद्राभिषेक पाठ किया तथा देश के खुशहाली की कामना की। इसके बाद भास्कर खुल्बे और पीएमओ में उपसचिव मंगेश घिल्डियाल समेत कई अधिकारियों ने केदारनाथ में चल रहे कार्यों को देखा।


Uttarakhand | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार भास्कर खुल्बे और पीएमओ में अधिकारी आईएएस मंगेश घिल्डियाल समेत कई अधिकारी पहुंचे केदारनाथ। वहां चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा। @PMOIndia @DIPR_UK @pushkardhami pic.twitter.com/SZP4vLK8ZW
— Hill Mail (@hillmailtv) September 23, 2021
इस दौरान पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मनुज गोयल, केदार सभा से उमेश पोस्ती, देवस्थानम बोर्ड के मंदिर प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, अरविंद शुक्ला, प्रदीप सेमवाल आदि मौजूद रहे।

केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लेने के बाद करीब सवा 11बजे यह टीम बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गई। जोशीमठ से सड़क मार्ग से टीम बदरीनाथ धाम पहुंची। यहां भास्कर खुल्बे ने जिला प्रशासन एवं यात्रा मजिस्ट्रेट उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी से मास्टर प्लान के कार्यों की समीक्षा की।
पीएमओ की टीम ने देश के सीमांत पर्यटन ग्राम माणा का भी भ्रमण किया। भगवान बदरीविशाल के क्षेत्रपाल श्री घंटाकर्ण जी महाराज मंदिर, श्री गणेश गुफा, श्री ब्यास गुफा मंदिर, श्री सरस्वती नदी भीम पुल पहुंचकर दर्शन किये। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि जल्द ही भास्कर खुल्बे श्री बदरीनाथ मंदिर में दर्शन को पहुंचेंगे। श्री बर्ह्मकपाल भी जाएंगे।

दरअसल, केदारनाथ में बन रही आदि गुरु शंकराचार्य की समाधि को लेकर पीएमओ की करीब से नजर है। इसके अलावा वहां कई कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रधानमंत्री मोदी भी समय-समय पर वीडियो कांफ्रेंसिंग से जायजा लेते रहते हैं।
ऐसी सूचना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवरात्रि के दिनों में उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के दर्शन करने आ सकते हैं। उनका यह दौरा उत्तराखंड में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
भास्कर खुल्बे प्रधानमंत्री मोदी के सचिव रहे हैं। पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्टों पर उनकी सीधी नजर रहती है। पीएमओ में सलाहकार बनाए जाने के बाद से वह उत्तराखंड में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लगातार देख रहे हैं। उत्तराखंड कैडर के आईएएस अधिकारी मंगेश घिल्डियाल लंबे समय तक रुद्रप्रयाग के डीएम रहे। केदारनाथ में हुए पुनर्निर्माण कार्यों को उन्होंने काफी करीब से देखा है। बाद में उन्हें प्रतिनियुक्ति पर पीएमओ बुलाया गया।


Leave a comment