उत्तराखंड में विधानसभा का चुनाव 14 फरवरी को होना है इसलिए सभी पार्टियों के नेता अब यहां के मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने हरिद्वार में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार भारत को दो भागों में बांटना चाहती है एक अरबपतियों का और दूसरा गरीबों एवं बेराजगारों का। उन्होंने कहा कि मोदी बोलते हैं कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ। ये सड़कें जादू से बनी क्या। कौन सी दुनिया में रहते हैं मोदी। जब कोरोना आया तब लाइट जलवाई, ताली बजवाई।
राहुल गांधी ने कहा कि हमने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किये है वह हम उनको करके दिखायेंगे। हम चार लाख युवाओं को उत्तराखंड में रोजगार देंगे, प्रदेश में 500 रूपये में गैस का सिलिंडर दिलायेंगे, न्याय योजना लाए हैं, पांच लाख परिवारों को हमारी पार्टी 40 हजार की धनराशि देगी।
राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बदले हैं, क्योंकि उन्होंने भ्रष्टाचार किया इसीलिए उन्हें हटाया गया। उन्होंने कहा कि हमें गरीबों की सरकार चाहिए, रोजगार दिलाने वाली सरकार चाहिए।
Live- हम उत्तराखंड के स्वाभिमान को बचाने के लिए आए हैं। #संवारने_उत्तराखंड_आ_रही_है_कांग्रेस https://t.co/o8YJlBOb4f
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 10, 2022
उन्होंने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि जब कोरोना काल चल रहा था उस समय दवा, बेंटिलेर, आक्सीजन की जरूरत थी तब यह सरकार कहां थी। सरकार का काम मुसीबत के समय लोगों की सेवा करना होता है। लेकिन यह सरकार उस समय गायब थी और हमले उस समय काम किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए की सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला, लेकिन मोदी सरकार ने फिर इन्हें गरीबी में धकेल दिया है। आज गरीबों के लिए देश में कहीं जगह नहीं है। इसके अलावा चीन ने भारत की जमीन हड़प ली है, उस पर नरेन्द्र मोदी कुछ नहीं बोलते।
हरिद्वार की सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। ऐसे में तीनों पार्टियों ने यहां पर अपनी ताकत झोंक दी है। कुछ दिन पहले यहां पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप के उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार किया। अब यहां पर राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार किया है। हरिद्वार में होने वाले विधानसभा चुनाव तीनों पार्टियों के लिए काफी मायने रखता है।


Leave a comment