Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पंतनगर में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्थापना दिवस
उत्तराखंड न्यूज़ऊधम सिंह नगरताज़ा ख़बर

पंतनगर में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्थापना दिवस

इस अवसर पर प्रतिष्ठित मिसाइल वैज्ञानिक, ‘विंग्स ऑफ फायर’ के सह-लेखक, अनेक पुस्तकों के लेखक तथा 4A लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड-2022 से सम्मानित प्रोफेसर अरुण कुमार तिवारी द्वारा ‘गोविन्द बल्लभ पंत स्मृति व्याख्यान’ वर्चुअल माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

उन्होंने ‘द न्यू ग्रीन फ्रंटियर: इंटीग्रेटिव बायोलॉजी, इंजीनियरिंग एंड एआई फॉर सस्टेनेबल फ्यूचर’ विषय पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को आधुनिक युग की महत्वपूर्ण पहचान बताया। उन्होंने कहा कि एआई का उपयोग विज्ञान की विभिन्न विधाओं विशेषकर कृषि में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकता है, जिससे खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने, पोषक तत्वों से भरपूर उत्पाद तैयार करने तथा पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में सहायता मिल सकती है।

व्याख्यान से पूर्व विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरसी श्रीवास्तव ने प्रोफेसर तिवारी के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने अपने संबोधन में सभी को 66वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व कुलपतियों द्वारा विश्वविद्यालय की प्रगति में दिए गए योगदान का उल्लेख करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रोफेसर तिवारी को महत्वपूर्ण विषय पर प्रभावी व्याख्यान के लिए धन्यवाद भी दिया।

उन्होंने कहा कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय, अखिल भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली तथा लुधियाना कृषि विश्वविद्यालय ने देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। घटते संसाधनों और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच उन्होंने संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों से नवाचार-आधारित शोध को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम कृषि विश्वविद्यालय का दायित्व अत्यधिक है और शिक्षण, शोध तथा प्रसार कार्यों में कठोर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ योगदान अनिवार्य है; इसमें किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम में मंचासीन कुलसचिव डॉ. दीपा विनय तथा उपाध्यक्ष-II, 4A, डॉ. सलिल तिवारी ने भी अपने विचार रखे। प्रमुख समन्वयक एवं सचिव, 4A, डॉ. अनिल यादव ने 11 से 17 नवम्बर 2025 तक आयोजित स्थापना दिवस सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न बैचों के एलुमिनाई द्वारा लगभग रु. 22 लाख की छात्रवृत्ति देने का आश्वासन भी दिया गया है।

स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित तीसरी इंटर कॉलेजिएट यूनिवर्सिटी वाद-विवाद प्रतियोगिता (हिन्दी एवं अंग्रेजी) में प्रौद्योगिकी महाविद्यालय को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की गई। दोनों भाषाओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं उपाध्यक्ष-I, 4A, डॉ. ए.एस. जीना ने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक, महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशकगण, संकाय सदस्य, एल्युमिनाई, विद्यार्थी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles