Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून में रोजगार मेला, 4500 युवाओं को कंपनियां देंगी नौकरी
उत्तराखंड न्यूज़

देहरादून में रोजगार मेला, 4500 युवाओं को कंपनियां देंगी नौकरी

हिल मेल ब्यूरो, देहरादून

एसजीआरआर पीजी कॉलेज, पथरी बाग देहरादून में आयोजित रोजगार मेले का गुरुवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित वृहद रोजगार मेले में लगभग 70 कंपनियों द्वारा 4500 युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने सरकार के अनुरोध पर युवाओं को सेवायोजित करने के लिए बड़ी संख्या में प्रतिभाग करने पर कंपनियों का आभार व्यक्त किया। सीएम ने बताया कि कंपनियों द्वारा जिन शर्तों पर रोजगार दिया जा रहा है, उनकी निगरानी की जा रही है।

परिश्रमी हैं हमारे राज्य के युवा

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के युवा परिश्रमी एवं ईमानदार हैं। युवाओं के कौशल विकास पर ध्यान देने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से राज्य, जनपद एवं तहसील स्तर पर रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इन रोजगार मेलों में कंपनियों द्वारा युवाओं का साक्षात्कार कर उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी दी जा रही है। यह वर्ष रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य सरकार सरकारी सेवाओं एवं अन्य माध्यमों से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

सरकारी नौकरियों के लिए भी प्रक्रिया

उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं में भी विभिन्न पदों के लिए विभागों द्वारा लोक सेवा आयोग एवं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजे गए हैं। इन पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्किल इंडिया का जो सपना है, उस दिशा में हमें तेजी से आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उत्तराखण्ड में अनेक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं। डोईवाला में सीपेट शुरू किया गया है। इस संस्थान में अभी सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए गए हैं। इस संस्थान से कोर्स करने के बाद युवाओं को रोजगार भी मिले हैं।

अभी सीपेट का विस्तार किया जा रहा है। इस संस्थान में डिप्लोमा एवं डिग्री कोर्स शुरू होने के बाद रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अभी तक 82 ग्रोथ सेंटर की स्वीकृति दी जा चुकी है। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर बसें दी जा रही हैं। इन बसों का अनुबंध रोडबेज से किया गया है।

हरक सिंह बोले, जिला व तहसील स्तर पर रोजगार मेले

उधर, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जहां कौशल विकास, सेवायोजन एवं प्रशिक्षण के लिए एक विभाग एवं मंत्रालय बनाया गया है। उत्तराखण्ड देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां कौशल विकास से संबिधत कार्यों के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर कोऑर्डिनेशन करने की जिम्मेदारी दी गई है। युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पर रोजगार मिल सके इसके लिए जिला एवं तहसील स्तर पर भी रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं।

डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कंपनियों द्वारा जिन युवाओं को साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार दिया जा रहा है। जिन शर्तों पर रोजगार दिया जा रहा है, उनके पूर्णतः अनुपालन के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखण्ड का नौजवान हर क्षेत्र में अच्छी परफॉर्मेंस दे रहा है। हमारे युवा हर क्षेत्र में दक्ष हैं, उनकी प्रतिभाओं को उजागर करने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक विनोद चमोली, इंडस्ट्री असोसिएशन के अध्यक्ष पंकज गुप्ता, अनिल गोयल, सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन डॉ. रणजीत सिन्हा, अपर सचिव डॉ. अहमद इकबाल, निदेशक कौशल विकास एवं सेवायोजन जीवन सिंह नगन्याल, प्रधानाचार्य एसजीआरआर पीजी कॉलेज, पथरीबाग प्रो. वी.ए. बौड़ाई आदि उपस्थित थे।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...