हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
उत्तराखंड के जांबाज जवान के कश्मीर से गायब होने का मुद्दा मंगलवार को लोकसभा में भी गूंजा। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने चमोली के रहनेवाले 11वीं गढ़वाल राइफल के जवान के लापता होने पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। शून्यकाल में उन्होंने बताया कि हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी गढ़वाल राइफल्स में नियुक्त हैं।
सांसद ने कहा कि वीर जवान का परिवार उत्तराखंड के देहरादून जिले के अंबीवाला सैनिक कॉलोनी में रहता है। राजेंद्र सिंह 8 जनवरी को कश्मीर के गुलमर्ग से गायब हो गए। उनका अभी पता नहीं चल पाया है कि वह कहां है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि वह फिसलकर पाकिस्तान की सीमा में चले गए हों। ऐसे में उनका परिवार काफी दुखी है।
उत्तराखंड के वीर हवलदार राजेंद्र नेगी 8 जनवरी से लापता हैं। आज @AjayBhattBJP4UK जी ने इस मुद्दे को संसद में उठाने का सराहनीय कार्य किया है। हम सभी प्रार्थना करते हैं कि लापता जवान सुरक्षित हों और सरकार के उनका पता लगाने के प्रयास सफल हों । https://t.co/hpJjIUcUoU
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) February 4, 2020
अजय भट्ट ने कहा, ‘उत्तराखंड एक सैनिक बहुल क्षेत्र है। कई संगठनों और सैनिक संगठनों ने इस पर चिंता जताई है और आंदोलित भी है। मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि जल्दी से जल्दी उनके बारे में समाचार परिवार और उत्तराखंड को दिया जाए।’
इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने अजय भट्ट के ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा कि अजय भट्ट जी ने इस मुद्दे को संसद में उठाने का सराहनीय कार्य किया है। हम सभी प्रार्थना करते हैं कि लापता जवान सुरक्षित हों और सरकार के उनका पता लगाने के प्रयास सफल हों।
आपको बता दें कि उत्तराखंड समेत पूरे देश के लोग सोशल मीडिया पर विदेश मंत्री से अपील कर रहे हैं कि वह इस मामले में पाकिस्तानी समकक्ष से बात करें। साथ ही कई पिटिशन पर भी हस्ताक्षर का अभियान चल रहा है। उत्तराखंड के लोगों ने कई शहरों में प्रदर्शन भी किए हैं। पिछले दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में मुलाकात के दौरान भी सीएम रावत ने लापता जवान का पता लगाने के लिए उनसे अनुरोध किया था।
रक्षामंत्री श्री @rajnathsingh जी से भेंट कर, लापता हुए सेना के जवान राजेंद्र सिंह की सकुशल वापसी के प्रयास तेज करने की मांग की। रक्षामंत्री जी के साथ राज्य के सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा व बुनियादी अवस्थापना विकास में सेना के सहयोग पर भी सार्थक चर्चा हुई। pic.twitter.com/fOCP2U1igm
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) January 18, 2020


Leave a comment