हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
उत्तराखंड की जनता के पास अब सीएम हेल्पलाइन 1905 की ताकत है, जहां वे अपनी हर समस्या का तय समयसीमा में समाधान पा सकते हैं। इससे लोगों को भी लगने लगा है कि वे सरकार के और करीब आ गए हैं। अब तक 16292 शिकायतों का आवेदनकर्ता की संतुष्टि के साथ समाधान किया जा चुका है और 5488 अन्य शिकायतों का समाधान किया जा चुका है जिसकी आवेदनकर्ताओं से संतुष्टि प्राप्ति की प्रतीक्षा है।
सचिवालय में वीरचंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल 1905 के निदेशक/विभागाध्यक्ष स्तर (लेवल 03) एवं सचिव स्तर (लेवल 04) के अधिकारियों की बैठक हुई। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों से पोर्टल के अंतर्गत आने वाली शिकायतों को संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सचिव एवं विभागाध्यक्षों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल 1905 की स्वयं विभागीय अधिकारियों के साथ सघन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने आईटीडीए को भी सिस्टम को गुणवत्तापरक बनाने के निर्देश दिए ताकि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने अपर मुख्य सचिव को सचिव स्तर (लेवल 04) की बैठक प्रत्येक माह बुलाने के निर्देश देते हुए स्तरवार शिकायतों का विवरण तैयार करने को कहा तथा ज्यादा शिकायत वाले विभागों की समूहवार शीघ्र बैठक निर्धारित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार रविन्द्र दत्त ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा जनता को दिया गया एक नायाब तोहफा है। सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्रदेश के किसी भी कोने से जनता अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है, जिसके लिए उन्हें सचिवालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ती जिससे जनता का समय और धन दोनों की बचत होती है। राज्य में सुराज एवं सुशासन की व्यवस्था के लिए तथा शासकीय तंत्र में पारदर्शिता के साथ कार्यशैली में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए इस पोर्टल के रूप में जवाबदेही व्यवस्था के मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करने के लिए यह पोर्टल शुरू किया गया हैं।
आईटी सलाहकार रविन्द्र ने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों के निराकरण के लिए बनाए गए इस पोर्टल को प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस क्रम में लेवल 01 एवं लेवल 02 के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका हैं और जिसके सकारात्मक परिणाम भी आए हैं। सीएम हेल्पलाइन जनता और सरकार के बीच में दूरियां कम करने और जनता की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के लिए एक सेतु के रूप में कार्य कर रही है।
आईटी सलाहकार ने जानकारी दी कि पोर्टल के माध्यम से 16292 शिकायतों का आवेदनकर्ता की संतुष्टि के साथ समाधान किया जा चुका है तथा 5488 और शिकायतों का भी समाधान किया जा चुका है जिसकी आवेदनकर्ताओं से संतुष्टि प्राप्ति की प्रतीक्षा है तथा 7256 शिकायतों में कार्यवाही चल रही है। उन्होंने कहा कि पोर्टल की विशेषता है कि इसमें दर्ज शिकायत का समाधान के पश्चात आवेदनकर्ता की संतुष्टि प्राप्त की जाती हैं।
सीएम हेल्पलाइन में पोर्टल cmhelpline.uk.gov.in एवं मोबाइल एप Uttarakhand CM Helpline तथा टोल फ्री फोन नंबर 1905 पर डायल करके अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती हैं तथा प्रदेश में चल रही योजनाओं की जानकारी भी ली जा सकती हैं। मुख्य सचिव ने लेवल 03 एवं लेवल 04 के अधिकारियों की भी कार्यशाला आयोजन कराने के निर्देश दिए, ताकि एल-04 स्तर पर समस्याओं के समाधान में आ रही कठिनाइयों का समाधान आसानी से हो।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने समस्त सचिव एवं विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पोर्टल में आने वाली शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करें तथा पोर्टल में उनके स्तर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता से निस्तारण करें तथा यदि कोई अन्य विभाग की शिकायत त्रुटिवश उनको संदर्भित हो जाती हो, तो उसे संबंधित विभाग को अपने स्तर से अग्रसारित कर उसका अनुश्रवण सुनिश्चित कराए।
आईटी सचिव आर.के. सुधांशु ने कहा कि सी.एम.हेल्पलाइन पोर्टल को मुख्य सचिव के निर्देशानुसार और प्रभावी बनाया जाएगा। निदेशक आई.टी.डी.ए. अमित सिन्हा ने कहा कि बैठक के दौरान महत्वपूर्ण सुझावों के अनुसार सीएम हेल्पलाइन को बेहतर बनाने के लिए आई.टी.डी.ए. यथासंभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर सचिव सिंचाई डॉ. भूपेन्द्र कौर औलख, सचिव शहरी विकास शैलेश बगोली, सचिव राजस्व सुशील कुमार सचिव समाज कल्याण एल.फैनई, प्रभारी सचिव स्वास्थ्य पंकज पाण्डेय सहित समस्त अपर सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।


Leave a comment