वर्ष 2021 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले को लेकर उत्तराखंड सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जहां एक तरफ लगातार कुंभ की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, वहीं जमीनी हालात का भी जायजा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को हरिद्वार में महाकुंभ 2021 के सफल आयोजन के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यो एवं कुंभ क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का मौका मुआयना किया। उन्होंने कुंभ के लिए किए जा रहे स्थायी कार्यों के निरीक्षण के दौरान प्रशासन को इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया है कि कुंभ से जुड़े कार्यों के प्रति किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बैरागी कैंप से कनखल को जोड़ने वाले पुल, जलनिगम की पेयजल आई बेल का निरीक्षण किया और इसे उपयोगी बताया। उन्होंने गौरी शंकर क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। इस क्षेत्र को पूर्व कुंभ मेलों की तुलना में अधिक विस्तृत एवं व्यवस्थित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले में आने वाले संत महात्माओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गौरीशंकर क्षेत्र में सभी आवश्यक सुविधाओं तथा स्नान घाटों के निर्माण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुंभ मेला की तुलना में इस बार अधिक क्षेत्रफल चिन्हित किया गया है। कुंभ मेला का आयोजन सुव्यवस्थित एवं निर्विवादित ढ़ंग से संपन्न हो उन्होंने मेलाधिकारी को इसके लिए मेला प्रशासन, जिला प्रशासन एवं अखाड़ा परिषद् से आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि नवंबर तक सभी निर्माण कार्यों को निश्चित रूप से पूर्ण करा लिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की परंपरा के अनुरूप आगामी कुंभ मेले को भव्य रूप से आयोजित किए जाने का हमारा लक्ष्य है, इसके लिए सभी से सहयोग की भी उन्होंने अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री भूमानंद निकेतन क्षेत्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने भूमानंद निकेतन आश्रम में स्वामी अचुयतानंद से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महासचिव हरी गिरी महाराज ने कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिये मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए सहयोग का भी आश्वासन मुख्यमंत्री को दिया।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री मदन कौशिक, सचिव शहरी विभाग शैलेश बगोली, मेलाधिकारी दीपक रावत, मेला आई जी संजय गुंज्याल के साथ ही अन्य प्रमुख संत महात्मा एवं कुंभ मेले से संबंधित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a comment