उत्तराखंड सरकार प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए करीब 8 करोड़ 42 लाख 98 हजार रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न शैक्षणिक भवनों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर छात्र-छात्रा को गुणवत्तापरक और सुविधायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
मंगलवार को लंबगांव पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शिक्षा मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री ने फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में 358.98 लाख रुपये की लागत से बने शिक्षा संकाय (बीएड भवन), राजकीय इंटर कॉलेज तौलीसैण मुखेम के 204 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रतापनगर के 280 लाख रुपये की लागत से बने नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि छात्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण देना चाहती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में नए भवनों के साथ-साथ पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, फर्नीचर, स्मार्ट क्लास और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में बीएड भवन बनने से क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बीएड की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा और आर्थिक रूप से भी उन्हें राहत मिलेगी। मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में प्रतापनगर के पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार ने शिक्षा मंत्री को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और लंबगांव में बीएड कॉलेज भवन का निर्माण पूरा होना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़, ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला, डॉ. भान सिंह नेगी और गोविंद रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नए भवनों और सुविधाओं से छात्रों को बेहतर वातावरण मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और मजबूत होगा। कार्यक्रम में छात्रों के चेहरे पर भी उत्साह देखने को मिला।








Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *